चंडीगढ़, 17 नवंबर । चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन, सेक्टर-17, चंडीगढ़ के अध्यक्ष एवं FOSWAC के मुख्य सलाहकार कमलजीत सिंह पंछी ने चंडीगढ़ की कॉलोनियों तथा चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) और एस्टेट ऑफिस के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों के निवासियों को मालिकाना हक प्रदान करने संबंधी ऐतिहासिक घोषणा का स्वागत किया। इस महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल के लिए उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया जी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
पंछी ने कहा कि राज्यपाल द्वारा आज की गई घोषणा के अनुसार, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) और एस्टेट ऑफिस की संपत्तियों में रहने वाले लगभग 50,000 परिवारों को इस निर्णय से लाभ मिलने की उम्मीद है और उन्हें अपने मकानों का मालिकाना हक प्राप्त होगा। उन्होंने आगे कहा कि यह घोषणा उन हजारों परिवारों के लिए नई उम्मीद और बड़ी राहत लेकर आई है, जो वर्षों से अपने घरों के कानूनी मालिकाना हक की प्रतीक्षा कर रहे थे। यह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के अनगिनत निवासियों के लंबे संघर्ष, आकांक्षाओं और उम्मीदों को सम्मान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
पंछी ने इसे पिछले कई वर्षों में चंडीगढ़वासियों के कल्याण से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण घोषणाओं में से एक बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे हजारों परिवारों को अपने घरों के संबंध में अधिक सुरक्षा, स्थिरता और मानसिक शांति प्राप्त होगी।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में कमलजीत सिंह पंछी ने दी।

