चंडीगढ़ 5 नंवबर । चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन, सेक्टर 17, चंडीगढ़ के अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंछी ने विरवार को पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की । इस अवसर पर पंछी ने राज्यपाल को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी तथा उनके और उनके परिवार के लिए सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस भेंट के दौरान पंछी ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के आवंटियों से जुड़े तीन महत्वपूर्ण एवं लंबे समय से लंबित विषयों को स्वीकृति प्रदान करने तथा जनहित में सकारात्मक और जनहितैषी निर्णय लेने के लिए राज्यपाल का हृदय से आभार व्यक्त किया। इन फैसलों से हाउसिंग बोर्ड के अनेक आवंटियों एवं चंडीगढ़ निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है तथा उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।
पंछी ने वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने संपत्तियों की हिस्सेदारी के आधार पर बिक्री एवं हस्तांतरण (Share-wise Sale and Transfer of Properties) के लंबे समय से लंबित मुद्दे को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि हिस्सेदारी के आधार पर संपत्ति के हस्तांतरण पर लगी पाबंदियों के कारण अनेक परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वे परिवार प्रभावित हैं जिन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज, बच्चों की उच्च शिक्षा एवं अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए धन की आवश्यकता होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस मुद्दे का सकारात्मक समाधान होने से प्रभावित संपत्ति मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंछी ने दी।
कमलजीत सिंह पंछी ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के जनहितैषी फैसलों के लिए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का जताया आभार
