राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने “नशा मुक्त औद्योगिक क्षेत्र, चंडीगढ़” अभियान का किया शुभारंभ

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने “नशा मुक्त औद्योगिक क्षेत्र, चंडीगढ़” अभियान का किया शुभारंभ
Spread the love

चंडीगढ़, 5 नवंबर । समाज को नशामुक्त बनाने और औद्योगिक क्षेत्र में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ इकाई द्वारा “नशा मुक्त औद्योगिक क्षेत्र, चंडीगढ़” अभियान की शुरुआत की गई।
लोक भवन, चंडीगढ़ में आयोजित शुभारंभ समारोह में राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ गुलाब चंद कटारिया ने लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अवी भसीन के साथ अभियान के विशेष जागरूकता स्टिकर का अनावरण कर इस मुहिम का शुभारंभ किया।
विशेष बात यह रही कि लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अवी भसीन ने अपने जन्मदिन के अवसर को समाजहित की इस सकारात्मक पहल से जोड़ते हुए नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अभियान के अंतर्गत चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 एवं फेज-2 की औद्योगिक इकाइयों पर जागरूकता स्टिकर लगाए जाएंगे, ताकि उद्योगपतियों, कर्मचारियों, श्रमिकों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।
इस अवसर पर अवी भसीन ने कहा कि उद्योगों की जिम्मेदारी केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। नशे के खिलाफ लड़ाई में औद्योगिक जगत को भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति और प्रोत्साहन से इस अभियान को नई प्रेरणा एवं ऊर्जा मिली है।
इस शुभारंभ समारोह में सुनील कुमार, मनीष निगम, संदीप चुग, अक्षय चुग एवं जरनैल सिंह भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस सामाजिक पहल के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

अभियान का मुख्य संदेश है:
“लघु उद्योग भारती का सपना – नशा मुक्त हो भारत अपना।”
“नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो।”
लघु उद्योग भारती का उद्देश्य प्रत्येक औद्योगिक इकाई को नशामुक्ति जागरूकता का केंद्र बनाना तथा उद्योगपतियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और उनके परिवारों को इस सामाजिक अभियान से जोड़ना है।
एक संकल्प – नशामुक्त समाज, सशक्त युवा और स्वस्थ भारत।

यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में लघु उद्योग भारती चंडीगढ़ इकाई की तरफ से दी गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *