यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक ने चंडीगढ़ कार्निवल-2026 का किया उद्घाटन, भारतीय सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक पेश

यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक ने चंडीगढ़ कार्निवल-2026 का किया उद्घाटन, भारतीय सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक पेश
Spread the love

चंडीगढ़, 20 नवंबर । पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज सेक्टर-10 स्थित लीजर वैली में तीन दिवसीय चंडीगढ़ कार्निवल-2026 का उद्घाटन किया। चंडीगढ़ प्रशासन के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित यह कार्निवल 20 से 22 नवंबर तक चलेगा। इसमें कला, संस्कृति, संगीत, मनोरंजन और विभिन्न उत्सव संबंधी गतिविधियों का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा।
प्रशासक ने कार्निवल परेड को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस परेड में गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट, चंडीगढ़ के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक और रचनात्मक झांकियां शामिल थीं। इसके बाद उन्होंने रिबन काटकर कार्निवल का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों द्वारा नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न राज्यों की समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं की झलक देखी। प्रशासक ने कहा कि यह कार्निवल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता है।
प्रदर्शनी क्षेत्र के दौरे के दौरान प्रशासक ने कला, हस्तशिल्प, विभिन्न उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने ‘शगना दा वेहड़ा’ का भी दौरा किया, जहां पंजाब की पारंपरिक जीवनशैली, लोक संस्कृति और वस्त्र विरासत को प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विंटेज एवं क्लासिक कार प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें पुरानी और आकर्षक कारों का संग्रह प्रदर्शित किया गया।
प्रशासक ने गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी में आयोजित ‘दर्शन दीदार – गुरु नानक देव जी: कला और आध्यात्मिकता की यात्रा’ शीर्षक प्रदर्शनी का भी दौरा किया। यह प्रदर्शनी सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी को समर्पित थी। इसमें कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनकी शाश्वत शिक्षाओं और सार्वभौमिक दर्शन को प्रदर्शित किया गया।
तीन दिवसीय कार्निवल में विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव कला प्रदर्शन, प्रदर्शनियां, हस्तशिल्प एवं खरीदारी के स्टॉल, फूड कोर्ट और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ये गतिविधियां सभी आयु वर्ग के दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कार्निवल की संगीत संध्याओं में 20 नवंबर को हिमाचल पुलिस बैंड, 21 नवंबर को पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल और 22 नवंबर को बॉलीवुड गायक जावेद अली अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस अवसर पर प्रशासक के साथ पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह, आईएएस, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक श्री नवीन तथा एसडीएम (सेंट्रल) डॉ. अतुल धकने भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *