मानसिक व आत्मिक सुख ही सर्वोपरि सुख: आचार्य डॉ. रणवीर शास्त्री

मानसिक व आत्मिक सुख ही सर्वोपरि सुख: आचार्य डॉ. रणवीर शास्त्री
Spread the love

चंडीगढ़। आर्य समाज सेक्टर-7बी, चंडीगढ़ के चार दिवसीय वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन का शुभारंभ वैदिक यज्ञ के साथ हुआ। यज्ञ में उपस्थित श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच आहुतियां अर्पित कर सुख, शांति, सद्भाव एवं विश्व कल्याण की कामना की। इसके पश्चात प्रसिद्ध भजनोपदेशक पं. अभिषेक आर्य ने ईश्वर भक्ति से ओतप्रोत भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर सहारनपुर से पधारे विद्वान आचार्य डॉ. रणवीर शास्त्री ने ‘जीवन में सुखी कैसे हों’ विषय पर वैदिक मंत्रों के आधार पर सारगर्भित एवं दार्शनिक प्रवचन प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल भौतिक सुविधाओं और धन-संपत्ति की प्राप्ति नहीं, बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का संतुलित विकास है। सुख के चार स्वरूप—शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आत्मिक सुख—हैं। जीवन में स्थायी संतोष एवं आनंद प्राप्त करने के लिए इन चारों सुखों का समन्वय आवश्यक है।
आचार्य डॉ. रणवीर शास्त्री ने कहा कि शारीरिक सुख स्वस्थ शरीर से, मानसिक सुख शांत एवं सकारात्मक मन से, बौद्धिक सुख विवेकपूर्ण चिंतन से तथा आत्मिक सुख ईश्वर के सान्निध्य, आत्मबोध और आध्यात्मिक साधना से प्राप्त होता है। मनुष्य को इन सुखों की प्राप्ति के लिए निरंतर पुरुषार्थ करने के साथ-साथ ईश्वर से प्रार्थना भी करनी चाहिए। पुरुषार्थ जीवन को कर्मशील बनाता है और प्रार्थना उसे दिव्य चेतना से जोड़ती है। उन्होंने प्रेरित किया कि मनुष्य अपने जीवन में सत्य, संयम, सदाचार एवं परोपकार को अपनाकर वास्तविक सुख की अनुभूति कर सकता है।
उनके विचारपूर्ण प्रवचनों ने श्रोताओं को जीवन के वास्तविक सुख, आत्मिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति के विषय में गहन चिंतन करने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित श्रद्धालु उनके वैदिक ज्ञान एवं दार्शनिक व्याख्या से अभिभूत हुए।
कार्यक्रम के समापन पर आर्य समाज के पदाधिकारियों ने सभी विद्वानों, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया तथा प्रसाद वितरण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *