चंडीगढ़, 2 नवंबर । विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ‘मनु महाराज’ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर चंडीगढ़ एवं पंजाब में हिंदू धार्मिक स्थलों, साधु-संतों, महंतों, ब्राह्मणों और हिंदू नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मनु महाराज ने अपने पत्र में चंडीगढ़ के एक हिंदू मंदिर में कथित तौर पर एक व्यक्ति द्वारा तलवार लहराकर पुजारी को धमकाने, पंजाब में एक महंत को कथित रूप से झूठे ड्रग्स मामले में फंसाने तथा हिंदू नेताओं को आतंकवादियों के नाम पर जान से मारने की धमकियां मिलने जैसी घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और हिंदू समाज से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि गंभीर शिकायतें मिलने के बावजूद कई मामलों में पुलिस द्वारा संतोषजनक कार्रवाई किए बिना शिकायतें बंद क्यों कर दी जाती हैं।
मनु महाराज ने आशंका जताई कि कहीं इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं है, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज में भय का वातावरण पैदा करना है। उन्होंने इन सभी मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से मांग की कि हिंदू मंदिरों, पुजारियों, साधु-संतों एवं महंतों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, हिंदू नेताओं को मिलने वाली धमकियों की केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से जांच करवाई जाए तथा शिकायतों को बिना उचित जांच बंद करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने संभावित खतरे का आकलन कर जरूरतमंद व्यक्तियों को सुरक्षा उपलब्ध करवाने और पूरे मामले में समयबद्ध कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) देने की मांग की है।
मनु महाराज ने कहा कि यह किसी एक समुदाय का नहीं, बल्कि देश में प्रत्येक नागरिक की धार्मिक स्वतंत्रता, आस्था और सुरक्षा से जुड़ा विषय है। केंद्र सरकार को इस मामले में गंभीरता से संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि समाज में भय के बजाय विश्वास और सुरक्षा का वातावरण कायम हो सके।
मनु महाराज ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर मंदिरों, साधु-संतों, महंतों और ब्राह्मणों की सुरक्षा की मांग की
