चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन एवं प्रॉपर्टी फेडरेशन चंडीगढ़ के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने माननीय प्रशासक से मुलाकात की

चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन एवं प्रॉपर्टी फेडरेशन चंडीगढ़ के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने माननीय प्रशासक से मुलाकात की
Spread the love

चंडीगढ़, 25 अगस्त । चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन, सेक्टर-17 एवं प्रॉपर्टी फेडरेशन चंडीगढ़ के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंछी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनदीप सिंह एवं उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह के साथ पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया जी से मुलाकात की ! प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के व्यापारियों, संपत्ति मालिकों, दुकानदारों, किरायेदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक समुदाय एवं आम जनता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर माननीय प्रशासक को विस्तृत ज्ञापन सौंपे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दे उठाए:
1. चंडीगढ़ में कमर्शियल टेनेंसी एक्ट (असम टेनेंसी एक्ट, 2021) के लागू होने पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया, ताकि मकान मालिकों, किरायेदारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के व्यावहारिक हितों को ध्यान में रखा जा सके।
2. चंडीगढ़ में हरियाणा फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज एक्ट, 2022 के क्रियान्वयन के संबंध में व्यापारियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों को आ रही गंभीर व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत करवाते हुए प्रशासक के हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया।
3. चंडीगढ़ में GPA संपत्तियों के हस्तांतरण पर अनअर्न्ड प्रॉफिट (Unearned Profit) शुल्क की तत्काल गणना एवं क्रियान्वयन की मांग रखी गई, क्योंकि इस संबंध में हो रही देरी से हजारों निवासियों एवं संपत्ति मालिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
माननीय प्रशासक गुलाब चंद कटारिया जी ने प्रतिनिधिमंडल को पर्याप्त समय देते हुए सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कमलजीत सिंह पंछी ने प्रशासक का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हमें पूर्ण विश्वास है कि इन महत्वपूर्ण जनहित एवं व्यापारिक मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे तथा प्रभावित व्यापारियों, संपत्ति मालिकों और आम जनता को जल्द राहत मिलेगी।” प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि दोनों संस्थाएं चंडीगढ़ के व्यापारिक समुदाय एवं आम जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को निरंतर प्रशासन के समक्ष उठाती रहेंगी और व्यापार-अनुकूल, पारदर्शी एवं जनहितैषी चंडीगढ़ के निर्माण में अपना सकारात्मक योगदान देती रहेंगी।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनदीप सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *