सांसद खेल महोत्सव का हुआ भव्य आयोजन, क्षेत्रभर से 88 टीमों ने लिया भाग

सांसद खेल महोत्सव का  हुआ भव्य आयोजन, क्षेत्रभर से 88 टीमों ने लिया भाग
Spread the love

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर । चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रानीला (जिला चरखी दादरी) के खेल परिसर में लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के सौजन्य से “सांसद खेल महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर सांसद धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि दादरी के विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की।
इस खेल महोत्सव में क्षेत्रभर से 88 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रस्साकशी प्रतियोगिता में बौंद की टीम ने प्रथम, सांवड की टीम ने द्वितीय तथा रानीला की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हाई जंप (लड़कियां) में नैना रानीला प्रथम रहीं, वहीं हाई जंप (लड़के) में अमित भगवी ने बाजी मारी।
1500 मीटर दौड़ (लड़कियां) में हीना दादरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 100 मीटर दौड़ (लड़के) में मोक्ष और अमित संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहे।
इसके अतिरिक्त कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल आदि प्रतियोगिताओं में भी विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि “सांसद खेल महोत्सव” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प का सजीव उदाहरण है, जिसके माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें राष्ट्रनिर्माण, आत्मनिर्भरता और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, एकता और चरित्र निर्माण की सर्वोत्तम पाठशाला है।
सांसद ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल भावना, परिश्रम, निष्ठा और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा हर क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *