चंडीगढ़, 13 अगस्त। भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के संदर्भ में आयोजित किए जा रहे “आजादी का अमृत महोत्सव” के तहत आज हरियाणा के सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर जिलों में “फिट इंडिया फ्रीडम रन” का आयोजन किया गया I भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत नेहरू युवा केंद्र संगठन के तत्वाधान में जन भागीदारी से जन आंदोलन थीम पर आयोजित “फिट इंडिया फ्रीडम रन” में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने पूरे उत्साह के साथ बड़ी संख्या में हिस्सा लियाI
यमुनानगर जिले में प्रतिभागियों ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान रोज 30 मिनट शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने का और स्वस्थ जीवन शैली के लिए दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसी प्रकार सिरसा और सोनीपत जिलों में भी युवाओं ने हर्ष और उल्लास के साथ दौड़ में भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि देशवासियों विशेषकर युवाओं में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए फिट इंडिया आंदोलन चलाया जा रहा है जिसमें दौड़, योग, व्यायाम, खेल आदि विभिन्न गतिविधियां समाहित हैं I यह अभियान आलस्य, तनाव व शारीरिक व्याधियों के निदान में भी सहायक हैI आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रगान पर केंद्रित एक विशेष कार्यक्रम जोड़ा गया है जिसमें विशेष रूप से असंगठित युवाओं को अवसर मिलेगा और वे अपनी आवाज में राष्ट्रगान गाते हुए उसकी वीडियो बनाकर अपलोड करेंगे और राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे I
नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा 13 अगस्त 2021 से 02 अक्टूबर 2021 की अवधि में देश के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 744 जिलों में “फिट इंडिया फ्रीडम रन” का आयोजन किया जाएगा I