चंडीगढ़, 28 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश की कोर कमेटी की बैठक प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’, सेक्टर-33 में आयोजित की गई। बैठक में आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष, भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे, संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु, प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी एवं संजीव राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी सहित प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए घर-घर संपर्क, मतदाताओं के साथ सीधा संवाद और प्रत्येक वार्ड में प्रभावी जनसंपर्क अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम चुनावों के लिए पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने पार्टी के विभिन्न विभागों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही युवा, महिला, अल्पसंख्यक, ओबीसी और अनुसूचित जाति मोर्चा सहित सभी मोर्चों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने केंद्रीय नेतृत्व को आश्वस्त किया कि भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश आगामी नगर निगम चुनावों के लिए पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ तैयार है। उन्होंने सभी वार्डों में जनसंपर्क अभियान को गति देने, संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी नगर निगम चुनावों में प्रत्येक वार्ड में संगठन की सक्रिय भूमिका, बूथ प्रबंधन को मजबूत बनाने और पार्टी की जीत के लक्ष्य के साथ समन्वित प्रयास करने पर विशेष बल दिया गया।
भाजपा चंडीगढ़ की कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष ने दिए संगठनात्मक दिशानिर्देश
