चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन ने त्योहारी सीजन में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए राहुल गांधी से की अपील

चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन ने त्योहारी सीजन में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए राहुल गांधी से की अपील
Spread the love

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर । चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन, सेक्टर-17, चंडीगढ़ के अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंछी ने एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर चल रहे त्योहारी सीजन के दौरान व्यापारिक गतिविधियों में संभावित व्यवधान को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। पत्र में पंछी ने कहा कि धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहार व्यापारियों, दुकानदारों और छोटे खुदरा कारोबारियों के लिए वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवधियों में से एक हैं। इस दौरान होने वाली बिक्री से न केवल व्यापारियों की आजीविका चलती है, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं, परिवारों का भरण-पोषण होता है और जीएसटी के माध्यम से सरकारी राजस्व में भी योगदान मिलता है।
एसोसिएशन का मानना है कि यदि इन प्रदर्शनों के कारण व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं, तो इससे व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नुकसान हो सकता है। पंछी ने कहा कि त्योहारी सीजन छोटे व्यापारियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि वे इसी अवधि में अपनी वार्षिक पूंजी और निवेश की भरपाई करने, व्यावसायिक खर्चों को पूरा करने तथा अपने परिवारों का भरण-पोषण करने की उम्मीद रखते हैं। इस महत्वपूर्ण समय में किसी भी प्रकार की बाधा से उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन ने राहुल गांधी से विनम्र अपील की है कि वे संबंधित पक्षों से त्योहारी सीजन के दौरान धरने-प्रदर्शनों और आंदोलनों को अस्थायी रूप से स्थगित रखने का आग्रह करें, ताकि व्यापारी बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में अपना कारोबार कर सकें।एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की कि राहुल गांधी व्यापारिक समुदाय, छोटे कारोबारियों, उपभोक्ताओं तथा राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के व्यापक हित में इस अपील पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में महासचिव अमित जैन ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *