चंडीगढ़ । आईसीडीएस चंडीगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पदोन्नति पिछले 5 साल से लटकी हुई है। सैकड़ों आंगनबाड़ी वर्कर्स प्रमोशन की आस लगाए बैठी हैं, लेकिन विभाग ने 2021 के बाद कोई डीपीसी नहीं की है।
विभाग में लगभग 5 पद लेडी सुपरवाइजर के 2021 से खाली पड़े हैं। इन रिक्त पदों पर नियमित भर्ती या विभागीय प्रमोशन करने की बजाय ठेके/कॉन्ट्रैक्ट पर लेडी सुपरवाइजरों की भर्ती कर दी गई है। ये कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी बिना किसी ब्रेक के लगातार अपनी सेवा दे रहे हैं।
आंगनबाड़ी वर्कर्स का आरोप
पीड़ित आंगनबाड़ी वर्कर्स का कहना है कि विभाग में योग्य और वरिष्ठ वर्कर्स होने के बावजूद उन्हें प्रमोशन नहीं दिया गया। वहीं दूसरी ओर रिक्त पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाए बिना ठेके पर भर्तियां की जा रही हैं।
वर्कर्स ने केंद्र सरकार के नियम 2024 का हवाला देते हुए कहा कि “यदि किसी पद पर समय पर भर्ती या प्रमोशन नहीं किया जाता है तो वह पद समाप्त माना जा सकता है।”
विजिलेंस जांच की मांग
आंगनबाड़ी वर्कर्स ने यू.टी. प्रशासन और विजिलेंस विभाग से इस पूरे मामले की जांच करवाने की मांग की है। उनका आरोप है कि जानबूझकर डीपीसी न करके विभागीय नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है और योग्य कर्मचारियों के हक पर डाका डाला जा रहा है।
वर्कर्स ने मांग की है कि खाली पड़े 5 पदों को तुरंत प्रमोशन के माध्यम से भरा जाए और आईसीडीएस की भर्ती नियमावली को जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जाए।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में महासचिव रेनू ने दी।

