मजदूर संघ की 11 सूत्रीय मांगो पर मुख्यमंत्री ने लगाई मुहर

Spread the love

चण्डीगढ 26 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज भारतीय मजदूर संघ की हरियाणा इकाई की 11 सूत्रीय मांगो में से अधिकांश पर मुहर लगाते हुए पैक्स कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी।
सिविल सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में भारतीय मजदूर संघ की हरियाणा इकाई के अधिकारियों के साथ हुई मीटिंग में मुख्यमंत्री ने पैक्स कर्मचारियों को एक्सग्रेसिया एवं कैशलेस मेडिकल सुविधा का लाभ सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय सहकारी बैंकों में पैक्स कर्मचारियों की पदोन्नति के विषय को जल्द से जल्द हल करने के निर्देश दिये हैं।
बैठक में ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटरों का रूका हुआ वेतन जारी करने की मांग पर गम्भीरता से विचार करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यह मामला 15 दिन में हल किया जाए। ग्रामीण चैकीदारों को पीएफ के दायरे में लाकर सामाजिक सुरक्षा देने की मांग पर मुख्यमंत्री ने पंचायत विभाग को यह मामला प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए।
अर्वन हेल्थ सेंटर की एएनएम को सितम्बर 2019 से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का लाभ दिए जाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए। भारतीय मजदूर संघ ने न्यूनतम वेतन के मामले में अलग अलग विभागों में विसंगतियां दूर करने एवं करनाल में हड़ताल के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रवैया अपनाते हुए करनाल के कम्प्यूटर ऑपरेटरों पर दर्ज मामले तत्काल वापस लेने के निर्देश दिए। न्यूनतम वेतन संशोधित करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि इस मामले पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर एसीएस संजीव कौशल, वीरेन्द्र कुण्डू, पी के दास, टी वी एस एन प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमांशकर, प्रधान सचिव विनीत गर्ग, श्रम आयुक्त पंकज अग्रवाल, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव शत्रुजीत कपूर, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक टी एल सत्यप्रकाश, एनएचएम के मिशन डायरेक्टर प्रभजोत सिंह के अलावा भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमण्डल में अध्यक्ष अशोक कुमार, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, महामंत्री हवासिंह, प्रदेश संगठन मंत्री हनुमान गोदारा, वेदप्रकाश आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *