चण्डीगढ़, 8 फरवरी । हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि विकसित भारत योजना उस सोच का परिचायक है जो हमें एक विकसित राष्ट्र की ओर लेकर जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित गांव से ही विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण किया जा सकता है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव को विकास की इकाई मानकर इस योजना को शुरू किया है ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा के साथ जोड़ा जा सके।
कमलेश ढांडा ने आज जिला कैथल में गांव चलो अभियान के तहत राजौंद मंडल, बालू मंडल व कलायत मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब कल्याण, युवा उत्थान, किसानों के विकास और उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। हर घर नल से जल पहुंच रहा है। गांवों में 24 घंटे बिजली आ रही है। गरीब महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त सिलेंडर देकर धुएं से मुक्ति दिलाई है। राज्य सरकार गरीब छात्राओं की निशुल्क पढ़ाई की व्यवस्था की है।
ढांडा ने कहा कि विकसित भारत संकल्प का उद्देश्य है कि 2047 तक हमने मिल-जुलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। विकसित भारत यात्रा के तहत हम गली-गली गए और योजनाओं का लाभ मौके पर ही लाभार्थियों को प्रदान किया और ऐसा पहली बार हुआ।
