मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के मद्देनजर एक जनवरी से नई एडवाइजरी जारी की

Spread the love

चंडीगढ़, 24 दिसंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों की संभावना के मद्देनजर लोगों की सुरक्षा के लिए एक जनवरी 2022 से पब्लिक सेक्टर से संबंधित संस्थानों में एंट्री के लिए वैक्सिनेशन की दोनों डोज को अनिवार्य करने के साथ सार्वजनिक स्थलों व अन्य कार्यक्रमों में 200 से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया जाए।
इसी प्रकार  सरकार रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित करने पर भी विचार कर रही है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को कोविड समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए जरूरी है कि लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। वैक्सीनेशन की तरफ अधिक ध्यान दिया जाए। सभी लोगों को अपनी दोनों वैक्सीनेशन की डोज लेनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग कोविड मामलों से निपटने के लिए अपनी सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ले। जहां भी जरूरी हो, वहां पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर रोक वाले आदेशों की वजह से 23 दिसंबर को एक लाख से अधिक लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। इसके अलावा विभाग की ओर से 30-32 हजार रोगियों की टेस्टिंग प्रतिदिन की जा रही है और पॉजिटिव पाए जाने व्यक्तियों के लिए संपूर्ण जीनों सीक्वेंसिंग के लिए भेजा जा रहा है।
बैठक में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव  पी.के. दास, शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महावीर सिंह, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की प्रधान सचिव अनुपमा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *