चण्डीगढ़, 18 दिसम्बर। चण्डीगढ़ कांग्रेस ने आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, जिन्होंने कांग्रेसी नेताओं के विरुद्ध प्रदर्शन किया था , की यह कहते हुए आलोचना की, कि यह चण्डीगढ़ में विपक्ष की आवाज़ को दबाने का एक प्रयास है।
चण्डीगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने लाठियों से लैस कार्यकता्रओं द्वारा किए गए रोष प्रर्दशन को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि इससे भाजपा नेताओं की फ़ाशीवादी मानसिकता उजागर होती है। चण्डीगढ़ की जनता के लिए गत छः वर्षों के दौरान कुछ भी करने में असफ़ल रहने पर शर्मसार होने की जगह भाजपा अब विपक्ष को बाज़ू मरोड़ कर चुप करवाने की कोशिश कर रही है।
आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं को डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग साईट पर जाते हुए रोकने का प्रयास किया तथा उन पर आक्रमण करने का प्रयास भी किया। कांग्रेसी नेताओं को पुलिस द्वारा समय पर की गई कार्यवाही के कारण बचा लिया गया, अन्यथा आज हिंसक भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथों कोई गंभीर घटना भी घटित हो सकती थी।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी की आवाज़ को ऐसे हिंसक तरीके से दबाया नहीं जा सकता और यह भाजपा की कायराना हरकत ही कही जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक मूल्यों तथा देश की लोकतांत्रिक परंपराओं हेतु लड़ना जारी रखेगी, जो इस समय सत्तासीन लोगों के हाथों ख़तरे में हैं। चण्डीगढ़ के मतदाता यह सब देख रहे हैं तथा नगर निगम चुनावों में वे भाजपा को मुंह-तोड़ जवाब देंगे।
चण्डीगढ़ में विपक्ष की आवाज़ दबाने के प्रयास कर रही है भाजपाः राजीव शर्मा
