राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मुलाजिमों ने उपमुख्यमंत्री के घर के बाहर निकाली रोष रैली

Spread the love

चंडीगढ़, 10 दिसंबर। राज्य सरकार से अपनी सेवाएं रेगुलर करवाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंजाब के मुलाजिमों द्वारा उपमुख्यमंत्री-कम-स्वास्थ्य मंत्री पंजाब के हल्के में राज्य सरकार की पोल खोल रैली की गई। राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 5000 मुलाजिम इस विशाल रैली में शामिल हुए। आज सुबह से ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मुलाजिम गोल्डन एवेन्यू अमृतसर में इकट्ठे होना शुरू हो गए थे। सरकार का मुर्दाबाद करने के बाद मुलाजिमों ने रानी का बाग में स्थित उप मुख्यमंत्री की कोठी की तरफ कूच किया। इस दौरान रोष मार्च कर रहे मुलाजिमों ने लगभग 2 किलोमीटर दूरी में अपने लंबे काफिले द्वारा सभी सड़कों को घेर रखा था जिस कारण आवाजाही बुरी तरह प्रभावित रही।
इस दौरान समूह को संबोधित करते हुए एनआरएचएम एम्पलाइज एसोसिएशन पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष एवं 11 मेंबरी कमेटी से डॉ इंद्रजीत सिंह राणा ने कहा कि मुलाजिम किसी भी सरकारी तंत्र और सरकार की नीतियों को राज्य के लोगों तक पहुंचाने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, पर सरकार अपनी इस मुख्य कड़ी अर्थात मुलाजिम वर्ग का लंबे समय से शोषण कर रही है। सरकार की मुलाजिम-विरोधी नीतियों का जवाब देने के लिए ही आज यह पढ़े लिखे मुलाजिम सड़कों पर उतर कर रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान 11 मेंबरी कमेटी से जसविंदर कौर और गुरप्रीत सिंह ने कहा कि सरकार लगातार मुलाजिमों की रेगुलर करने की जायज मांग को अनदेखा कर रही है। सरकार की इसी नाइंसाफी के कारण मुलाजिम ही नहीं बल्कि हर वर्ग सरकार के शोषण का शिकार है। राज्य कमेटी के अन्य मेंबरों सुखजीत, अरुण दत्त, मनिंदर सिंह, अमरजीत सिंह, डॉक्टर जतिंदर, रमनप्रीत कौर, डॉ वाहिद, डॉ योगेश, जगदेव आदि का कहना है कि यह तो मात्र अभी शुरुआत है, यदि सरकार ने मुलाजिमों की मांगों का तुरंत हल नहीं किया तो सरकार को हर स्थान पर ऐसे ही रोष प्रदर्शन का सामना करना पड़ेगा। सरकार ने अभी तक मुलाजिम शक्ति एवं मुलाजिम एकता का अंदाजा नहीं लगाया है, सरकार इस बात से अनभिज्ञ है कि राज्य में सरकार बनाने में मुलाजिमों की अहम भूमिका रहती है। इसलिए यदि मुलाजिम नाराज हुए तो वे आने वाले चुनाव में सरकार की खिलाफत करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। खबर लिखे जाने तक मुलाजिमों का रोष प्रदर्शन जारी था और प्रशासन उन्हें मनाने की नाकामयाब कोशिश करने में जूझता नजर आया। देर शाम उप मुख्यमंत्री द्वारा अमृतसर में अपने निवास पर कल शनिवार सुबह 10:30 बजे के लिए मीटिंग का समय मिलने पर मुलाजिम कुछ शांत हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *