कपूरथला, 10 दिसंबर। देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल विपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 11 अन्य सैन्य अधिकारियों की हेलीकॉप्टर हादसे में मृत्यु को यूथ अकाली दल ने अपूर्णनीय क्षति और देश के लिए बड़ा नुकसान बताया है। यूथ अकाली दल के नेता सैंडी की अध्यक्षता में रखे गए एक श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय उपप्रधान अवि राजपूत ने हेलीकॉप्टर दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग सरकार से की।
इस मौके पर यूथ अकाली दल नेताओ ने विपिन रावत उनकी धर्मपत्नी व अन्य सैन्य अफसरों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।यूथ कार्यकर्ताओ ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की।अवि राजपूत ने कहा कि इस हादसे में शौर्य और वीरता के प्रतीक जनरल विपिन रावत समेत उनकी पत्नी मधुलिका रावत, ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर,लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिदर सिंह,नायक गुरसेवक सिंह,नायक जितेंद्र कुमार,लांस नायक विवेक कुमार,लांस नायक बी साई तेजा और हवलदार सतपाल की आकस्मिक मौत हो गई।इस घटना से देशवासी शोक संतृप्त है।भारत मां वीरों की जननी रही है,पर विपिन रावत जैसे सूरमा यदा—कदा ही पैदा होते हैं।इस अपूरणीय क्षति की टीस किसी भी भारतीय के हृदय से नहीं जा सकती।अवि राजपूत ने कहा कि विपिन रावत ने चार दशक तक जिस तरह भारतीय सेना के अलग-अलग पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं प्रदान की हैं,उसके लिए देश सदा उनका ऋणी रहेगा।भारतीय थल सेना में जनरल रहते हुए जिस प्रकार उन्होंने पाकिस्तान व चीन के खिलाफ भारतीय सेना को लामबंद किया है।उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।विपिन रावत भारत माता के एक महान सपूत थे व उनकी असमय हुई मृत्यु से पूरा देश शोक की लहर में डूब गया है।उन्होंने कहा कि विपिन रावत, उनकी धर्मपत्नी व अन्य सैन्य अफसरों की मृत्यु कभी न पूरे होने वाली क्षति है। इस अवसर पर अशोक शर्मा, मंजीत सिंह, धीरज नय्यर, अनिल वर्मा, राज कुमार, रविंदर कुमार, राकेश कुमार, तजिंदर सिंह लवली, सैंडी, कुलदीपक धीर, सुमित कपूर, दीपक बिष्ट, पिंटू डे, विकी, पुष्पिंदर सिंह आदि उपस्थित थे।
