चंडीगढ़, 3 दिसंबर। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया। चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन] महासचिव रामबीर भट्टी तथा पार्टी उपाध्यक्ष आशा जयसवाल ने भी विभिन्न स्थानों पर जाकर प्रत्याशियों का मनोबल बढ़ाया। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने प्रत्याशियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनकी जीत की कामना की और कहा कि जनहित व जन सेवा को सर्वोपरि रखते हुए चुनाव मैदान में उतरें। सूद ने कहा कि पार्टी हाईकमान का यह संदेश है कि सभी प्रत्याशी पूरी मेहनत और पिछले वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों के बल पर जनता की अदालत में जाएं।
आज वार्ड नंबर 17 से पार्टी प्रत्याशी रविकांत शर्मा ने सेक्टर 22 के एसडी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सेक्टर-42 स्थित एसडीएम कार्यालय जाकर नामांकन किया। वार्ड नंबर तीन से पार्टी प्रत्याशी एवं बापू धाम कालोनी वासी दलीप शर्मा ने भी अपने समर्थकों के साथ सेक्टर-17 स्थित कार्यालय में अपना नामांकन किया। पार्टी में 37 साल के युवा अनूप गुप्ता ने वार्ड नंबर 11 से अपना नामांकन सेक्टर 26 स्थित चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में किया।