भूपिंदर हुड्डा के आरोपों का डॉ. चौहान का पलटवार, कहा कांग्रेस बिखराव की ओर

भूपिंदर हुड्डा के आरोपों का डॉ. चौहान का पलटवार, कहा कांग्रेस बिखराव की ओर
Spread the love

चंडीगढ़, 27 अक्टूबर। पंजाब के बाद अब हरियाणा कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा के बीच तेज होती अंतर्कलह पर हरियाणा भाजपा ने चुटकी ली है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान कांग्रेस में मचे घमासान पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कांग्रेस पार्टी बिखराव के पथ पर अग्रसर है। जब जहाज डूबने लगता है तो वहां भगदड़ मच जाती है। कांग्रेस का आज देश भर में कमोबेश यही हाल है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा और कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हुड्डा के नेतृत्व में लामबंद कांग्रेसी विधायकों के एक गुट ने कुमारी शैलजा को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की है। इससे पूर्व कुमारी शैलजा ने भी हुड्डा द्वारा संचालित कार्यक्रम ‘विपक्ष आपके समक्ष’ को पार्टी कार्यक्रम का हिस्सा मानने से इनकार कर दिया था। इस पर हुड्डा का यह कहना कि यदि हम पार्टी का हिस्सा नहीं हैं तो पार्टी हमें निष्कासित क्यों नहीं कर देती, पार्टी में जारी जूतमपैजार की सार्वजनिक घोषणा है।
भाजपा प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने दोनों के बीच जारी इस जुबानी जंग पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस को देशभर में लोगों ने नकार दिया है और इसके सामने अब अस्तित्व का संकट उत्पन्न हो गया है। दोषपूर्ण नीतियों की वजह से अब पार्टी के ही वरिष्ठ नेता पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाने लगे हैं। पहले पंजाब कांग्रेस में फूट पड़ी और कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे कद्दावर नेता ने कांग्रेस से अलग होकर अपनी अलग पार्टी बनाने की घोषणा कर दी है। असंतोष की यह आग अब पंजाब से होते हुए हरियाणा तक आ पहुंची है। पार्टी के ही दो शीर्ष नेताओं के गुटों में तलवारें खिंची हुई हैं। उधर, राष्ट्रीय स्तर पर 23 असंतुष्ट नेताओं का गुट जी-23 पहले से ही अस्तित्व में है जो समय समय पर पार्टी नेतृत्व की नीतियों पर सवाल उठाता रहता है। यह देश की सबसे पुरानी पार्टी के बिखराव का संकेत है।
हरियाणा में भाजपा सरकार के 7 साल पूरे होने पर हुड्डा द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ऐसा लगता है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर हुड्डा का प्रदेश की जमीनी हकीकत और जनता की नब्ज से संपर्क टूट गया है। शायद इसीलिए उन्हें भाजपा सरकार द्वारा पिछले 7 साल के दौरान प्रदेश भर में किए गए विकास कार्य दिखाई नहीं देते। भाजपा सरकार ने इन 7 सालों के दौरान प्रदेश भर में जाति और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर निष्पक्षता से लोगों को नौकरियां दी हैं। पहले की सरकारों में सिर्फ सत्तारूढ़ दल के विधायकों एवं नेताओं के हलके में ही विकास कार्य होते थे। भाजपा की सरकार में विपक्षी विधायकों के क्षेत्र में भी अरबों रुपए के विकास कार्य किए गए हैं और अब भी हो रहे हैं। मनोहर लाल खट्टर की सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से लेकर हर क्षेत्र में विकास के कार्य किए हैं। 500 से अधिक सेवाओं व कल्याणकारी योजनाओं को ऑनलाइन किया गया है।
डॉ. चौहान ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा में 30 नये राजकीय कन्या कॉलेज और 144 संस्कृति मॉडल स्कूल खोले गए हैं। मेधावी छात्रों के लिए सुपर 100 स्कीम के तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इसके परिणामस्वरूप अब राज्य में पढ़ने वाले बच्चे खेलों के साथ-साथ सिविल सर्विसेज की परीक्षा में भी आगे आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *