चंडीगढ़, 13 अक्टूबर। चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला ने शहर में लोगों को आ रही समस्याओं को सलाहकार के साथ सांझा किया है। उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा चंडीगढ़ के लोगों में सड़ा हुआ गेंहू बांटने की बात सलाहकार के समक्ष रखी। सुभाष चावला ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सड़े हुए गेहूं के बदले, बढ़िया गेहूं देने की बात कही थी, लेकिन अभी तक अधिकतम लोगों के पास बढ़िया गेहूं नहीं पहुंचा है।
उन्होंने सलाहकार के साथ आने वाले नगर निगम चुनावों के बारे में चर्चा की और फेयर चुनावों की बात सलाहकार के समक्ष रखी । उन्होंने सलाहकार धर्मपाल से जल्द से जल्द वार्डों को आरक्षित करने के ड्रा के बारे में भी कहा। सुभाष चावला ने भाजपा के पार्षदों द्वारा नगर निगम में की जा रही धक्के शाही को भी सलाहकार धर्मपाल को बताया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के सभी पार्षद चंडीगढ़ के वोटरों को रिझाने के लिए सरकारी तंत्र का प्रयोग कर रही है। जिस प्रकार टीकाकरण के समय सरकारी बसों में भाजपा के बैनरों का प्रयोग करना। भाजपा के कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक केंद्रो का प्रयोग करना। उन्होंने सलाहकार से बढ़ रहे डेंगू के केसों के बारे में चिंता जाहिर की और डेंगू की रोकथाम के लिए शहर में जगह-जगह फागिंग मशीनें चलाने की मांग की है।
