महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल ने स्वर्गीय सकिंद्रा देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन किए अर्पित, स्कूल में उनके नाम पर बनेगा ब्लॉक

Spread the love

चंडीगढ़, 5 अक्टूबर। महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल दरिया में मंगलवार को शिक्षकों ने स्व. श्रीमती सकिंद्रा देवी की पुण्यतिथि पर उनको याद किया। इस मौके पर स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. विनोद शर्मा और स्कूल के स्टाफ ने स्वर्गीय सकिंद्रा देवी को श्रद्धा सुमन भेंट किए। इस मौके पर डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि स्व. सकिंद्रा देवी महान विचारों वाली महिला थीं। उन्होंने अपने जीवन काल में शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया था। उन्होंने अपने आसपास रह रहे लोगों को शिक्षित करने के लिए सराहनीय कार्य किए। उनका मानना था कि सभी लोग पढ़ लिख कर आगे बढ़ें। गांवों में शिक्षा का प्रयास कम होने के कारण वह अशिक्षित लोगों और बच्चों में अपना ज्ञान बांटती थी और उन्हें शिक्षित होने के लिए हमेशा प्रेरित करती थीं। उन्हें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और पंजाबी का ज्ञान था। लेखन में वह मोती पिरोती थीं। डॉ. शर्मा ने बताया कि उन्होंने कई चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया था। वह अपने जीवन में अभावों में जीती रहीं मगर दूसरों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहीं। वह आशावादी विचारों वाली महिला थीं। वह लोगों की दुख तकलीफ को हमेशा दूर करने के प्रयास में लगी रहती थीं जबकि वह अपने अभावों और दुखों को किसी के सामने उजागर नहीं होने देती थी। वह मेहनती होने के साथ साथ सत्यवादी थी। उन्होंने लोगों को हमेशा ईमानदारी की राह पर चलने का संदेश दिया।
डॉ शर्मा ने बताया कि उन्होंने उच्च आदर्शों को कायम किया। भले ही पुरुष प्रधान समाज में अन्य महिलाओं की तरह वह दब कर रह गईं परंतु उनके दिखाए हुए रास्ते हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे। प्रिंसिपल शर्मा ने बताया कि उनके समाज के प्रति निभाए गए उत्तरदायित्व को याद रखते हुए महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल दरिया में एक ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इस ब्लॉक का नाम स्वर्गीय श्रीमती सकिंद्रा देवी मेमोरियल ब्लॉक रखा जाएगा। उन्होंने बताया की स्वर्गीय श्रीमती सकिंद्रा देवी अपने जीवन काल में हमेशा शिक्षक वर्ग को सम्मान दिया। उनका मानना था कि शिक्षक ही विद्यार्थियों को सही दिशा दे सकता है। डॉ शर्मा ने कहा कि इस भवन निर्माण का कार्य जोरों पर है और जल्दी ही इसे विद्यार्थियों के लिए लोकार्पित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *