चंडीगढ़, 20 सितंबर। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के अभियान समिति अध्यक्ष चंद्र मुखी शर्मा ने सोमवार को कांग्रेस नेता पवन बंसल पर चंडीगढ़ के लोगों को गुमराह करने के आरोप लगाए है।
चंद्र मुखी शर्मा ने जारी एक बयान में कहा है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता पूरी तरह से विफल रहे जब वे केंद्र और चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ता में थे, लेकिन अब आगामी चुनावों में वोट हासिल करने के लिए भ्रामक टिप्पणियों और मगरमच्छ के आंसू का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने चंडीगढ़ में एक चुनावी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर के लोगों से कांग्रेस को सत्ता में लाने का आह्वान किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम निवासियों की समस्याओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
केन्द्रीय मंत्री और चंडीगढ़ के सांसद के तौर पर पवन बंसल के कार्यकाल के बारे में बात करते हुए चंद्र मुखी शर्मा ने कहा, “पवन बंसल सत्ता में रहते हुए सहकारी समितियों की समस्याओं को हल करने में पूरी तरह से विफल रहे हैं, लेकिन अब चुनाव सामने देखते हुए झूठे प्रचार का उपयोग कर रहे हैं। एक और मुद्दा जो 2009 से लंबित है, वह है समितियों का आंतरिक रखरखाव। वे अपनी आंतरिक सड़कों, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति और स्वच्छता का प्रबंधन कर रहे हैं लेकिन पवन बंसल ने उस समय मंत्री होने के बावजूद कुछ नहीं किया। हर चुनाव में उन्होंने इन सभी चीजों का वादा किया लेकिन कुछ भी पूरा नहीं किया।
इसी कार्यक्रम में चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने दावा किया कि उन्होंने सोसायटी के निवासियों की समस्याओं को दूर करने के लिए एक टीम बनाई है और वे उसी के अनुसार उन्हें हल करने की योजना बनाएंगे।
चावला की टिप्पणी पर चिंता व्यक्त करते हुए, आप नेता ने कहा कि यह दिखाता है कि जब सुभाष चावला चंडीगढ़ के मेयर रह चुके हैं तो शहर के निवासियों की समस्याओं से कैसे अनजान हैं। इस कार्य के लिए एक और समिति बनाने के बजाय, उन्हें पवन बंसल से पूछ लेना चाहिए क्योंकि लोगों ने अपनी समस्याओं के बारे में कई दफा उन्हें अवगत करवाया है और वे लोकसभा चुनावों के दौरान उन्हें हल करने का वादा भी कर चुके हैं।
वोट हासिल करने के लिए चंडीगढ़ वासियों को गुमराह कर रही कांग्रेस: चंद्र मुखी शर्मा
