स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगाँठ पर सम्मानित किए जाने पर संजय टंडन ने प्रशासक वीपी सिंह बदनोर का जताया आभार

Spread the love

चंडीगढ़ 14 अगस्त। कोरोना जैसी वैश्विक बीमारी के दौरान जरूरतमंद लोगों को विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाने हेतु चंडीगढ़ की सुप्रसिद्ध समाज सेवी संस्था कम्पीटेंट फाउंडेशन के सराहनीय कार्यों को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा देश के स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगाँठ पर सम्मानित किया जा रहा है जिसके लिए हम चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर और चंडीगढ़ प्रशासन के आभारी हैं।  यह बात संस्था के चेयरमैन और हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने कही।
उन्होंने बताया कि आज उनके पिता छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ राजनेता स्व श्री बलराम जी दास टंडन की तीसरी पुण्यतिथि है। ये सम्मान उन्हें समर्पित है क्योकि उन्ही की सोच का परिणाम थी ये समाज सेवी संस्था कम्पीटेंट फाउंडेशन। उन्ही के प्रयासों के चलते और उनके मार्गदर्शन में इस संस्था की स्थापना की गयी थी। आज जब प्रशासन संस्था की बेहतर सेवा के लिए उन्हें सम्मानित कर रहा है तो इस सब का श्रेय उन्ही को जाता है। आज उनकी पुण्यतिथि पर सर्वप्रथम घर में परिजनों के साथ मिलकर उनकी आत्मा की शांति के लिए हवन किया गया और उसके उपरान्त चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल शेड वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन अवि भसीन द्वारा भी हवन का कार्यक्रम किया गया।
उन्होंने बताया कि समाज सेवी संस्था कम्पीटेंट फाउंडेशन की स्थापना का अपना एक लम्बा इतिहास है। गत कई वर्षों से संस्था द्वारा रक्तदान शिविर, विधवाओं को निःशुल्क मासिक राशन, स्कूली बच्चों को निःशुल्क किताबें, बैग, पुस्तक, टिफ़िन, पानी की बोतलें, साहित्य सामग्री, मेधावी छात्रों के लिए स्कालरशिप, गरीबों और जरूरतमंदों को चिकित्सा आदि की सहायता, कोरोना के दौरान निःशुल्क राशन, दवाई, रक्तदान, कोविड सेंटर, ओक्सिजन, वस्त्र आदि का वितरण करके समाज सेवा के कार्य किये जा रहे है।
उन्होंने कहा कि ये समाज सेवा के कार्यों को वो अकेला कर पाने में सक्षम नहीं थे। ऐसे में उनके जीवन में कंधे के साथ कन्धा मिला कर चलने वाली उनकी धर्मपत्नी प्रिया टंडन, उनके तीनों पुत्र सारांश, शिवेन और सत्यम और उनकी दोनों पुत्र वधुओं का भी इसमें सक्रिय सहयोग रहता है। राजनैतिक जीवन में व्यस्तता के चलते इन्हीं लोगों के सहयोग से समाज सेवा के काम भी सफल हो पाते हैं। और हम सभी भी सौभाग्यशाली हैं कि हमें समाज के प्रति कुछ करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में और भी सामाजिक कार्यों को करने का संस्था ने लक्ष्य रखा है जल्द ही वो भी आपके समक्ष रखा जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *