नई दिल्ली / चंडीगढ़, 30 सितम्बर । भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के समन्वय से 25 सितंबर 2026 को अरब सागर में लक्षद्वीप के पश्चिम में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के एक बड़े समुद्री मादक पदार्थ तस्करी प्रयास को विफल कर दिया।
संयुक्त अभियान के दौरान लगभग 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले मादक पदार्थ, जिनमें हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं, जब्त किए गए। इस कार्रवाई में पोत का संचालन कर रहे पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया।
खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल की इकाइयों ने समुद्र और वायु के माध्यम से सटीक निगरानी करते हुए संदिग्ध पोत का लगातार पीछा किया। इसके बाद समन्वित कार्रवाई करते हुए तेज पीछा किया गया और अंततः खुले समुद्र में एक संदिग्ध ईरानी धौ (Dhow) को रोककर उस पर सवार होकर तलाशी ली गई।
रोककर पकड़े गए धौ, गिरफ्तार किए गए चालक दल के सदस्यों और जब्त किए गए मादक पदार्थों को सशस्त्र सुरक्षा के बीच आगे की संयुक्त पूछताछ और जांच के लिए मुंबई लाया गया। इसके बाद विभिन्न एजेंसियों द्वारा व्यापक कानूनी कार्रवाई की गई।
यह सफल अभियान ‘नशा मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। साथ ही, यह भारतीय तटरक्षक बल की समुद्री मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने और भारत के समुद्री क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के प्रति शून्य सहनशीलता बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आईसीजी ने 3,000 करोड़ रुपये की मादक पदार्थों की खेप जब्त कर अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह को रोका
