चंडीगढ़, 2 सितंबर । लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ इकाई ने चंडीगढ़ प्रशासन के उद्योग विभाग द्वारा रैम्प (एमएसएमई प्रदर्शन में तेजी एवं सुधार) कार्यक्रम के अंतर्गत लघु एवं मध्यम उद्योगों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए जारी कार्य दिशा-निर्देशों का हार्दिक स्वागत किया है।
लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ के अध्यक्ष अवी भसीन ने लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र के विकास के लिए मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग हेतु माननीय प्रशासक गुलाब चंद कटारिया जी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने निशांत यादव, उपायुक्त-सह-सचिव, उद्योग, चंडीगढ़ प्रशासन तथा उनकी पूरी टीम को इस महत्वपूर्ण एवं उद्योग हितैषी पहल के लिए धन्यवाद दिया।
रैम्प कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र उद्योगों को किराया, ऋण पर ब्याज, गुणवत्ता एवं दक्षता प्रमाणन तथा फिल्म/सामग्री निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। 1 अप्रैल 2024 से पात्र व्ययों को शामिल करने के प्रावधान का भी लघु उद्योग भारती ने विशेष रूप से स्वागत किया है।
अवी भसीन ने कहा कि यह पहल उद्योगों का वित्तीय बोझ कम करने, उनकी गुणवत्ता एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने तथा चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लघु उद्योग भारती ने सभी पात्र लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा औद्योगिक इकाइयों से अपील की है कि वे दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर उपलब्ध वित्तीय सहायता का समय पर लाभ उठाएं।
लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ इकाई ने उद्योगों के विकास के लिए चंडीगढ़ प्रशासन एवं उद्योग विभाग द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की है।
चंडीगढ़ के लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए रैम्प योजना के तहत वित्तीय सहायता का लघु उद्योग भारती ने किया स्वागत
