चंडीगढ़, 1 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह का चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश, जिला और मंडल पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
सौदान सिंह के चंडीगढ़ आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पहुंचे तथा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि सौदान सिंह का भाजपा संगठन के प्रति लंबे समय से समर्पित योगदान रहा है। उन्होंने विभिन्न सांगठनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना उनके संगठनात्मक अनुभव और कार्यक्षमता के प्रति केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए यह प्रसन्नता का विषय है कि सौदान सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने कहा कि सौदान सिंह का व्यापक सांगठनिक अनुभव कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शन का स्रोत रहा है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली से पार्टी के कार्यकर्ताओं को हमेशा सीखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने से चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उन्हें विश्वास है कि सौदान सिंह अपनी जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत ने कहा कि सौदान सिंह का चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं के साथ लंबे समय से आत्मीय संबंध रहा है। उनके चंडीगढ़ आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ उनका भव्य स्वागत किया, वह उनके प्रति कार्यकर्ताओं के सम्मान और जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री के रूप में मिली नई जिम्मेदारी के लिए चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी गईं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।
भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सौदान सिंह के संगठनात्मक अनुभव और मार्गदर्शन से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।
सौदान सिंह के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री बनने पर भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
