अनुशासनहीनता के मामले में भाजपा ने वार्ड नंबर 14 के पार्षद कुलजीत सिंह संधू को जारी किया कारण बताओ नोटिस

अनुशासनहीनता के मामले में भाजपा ने वार्ड नंबर 14 के पार्षद कुलजीत सिंह संधू को जारी किया कारण बताओ नोटिस
Spread the love

चंडीगढ़, 17 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश ने पार्टी अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वार्ड नंबर 14 के पार्षद कुलजीत सिंह संधू को सार्वजनिक रूप से पार्टी नेतृत्व के विरुद्ध बयानबाजी करने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के महामंत्री रामवीर भट्टी द्वारा जारी किया गया।
प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित राजनीतिक संगठन है, जहां पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक मर्यादा और अनुशासन को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि वह संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और मर्यादा के साथ करे।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच पर पार्टी नेतृत्व के विरुद्ध बयानबाजी करना संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप नहीं है। इसी विषय को गंभीरता से लेते हुए पार्षद कुलजीत सिंह संधू से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
रामवीर भट्टी ने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं करती। पार्टी का मजबूत संगठनात्मक ढांचा अनुशासन, सामूहिक नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर आधारित है। भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को सदैव संगठन की मर्यादा बनाए रखने और पार्टी के निर्णयों एवं नेतृत्व का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी भी व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन संगठनात्मक विषयों को सार्वजनिक रूप से उठाने के बजाय पार्टी के निर्धारित मंच और अनुशासित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। भाजपा अपने प्रत्येक कार्यकर्ता की भावनाओं और विचारों का सम्मान करती है, लेकिन संगठन की गरिमा और अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि कारण बताओ नोटिस जारी करना संगठन की नियमित अनुशासनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। पार्टी को उम्मीद है कि संबंधित व्यक्ति अपना पक्ष संगठन के समक्ष स्पष्ट करेंगे और भविष्य में संगठन की मर्यादा एवं अनुशासन का पूर्ण पालन करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है और एकजुटता, अनुशासन तथा सामूहिक नेतृत्व ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। पार्टी संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए अनुशासन के नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *