महासंघ प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल कटारिया से की मुलाकात, मुख्याध्यापकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग की

महासंघ प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल कटारिया से की मुलाकात, मुख्याध्यापकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग की
Spread the love

चंडीगढ़ । आज अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय टंडन के कुशल नेतृत्व में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया से मिला। इस प्रतिनिधिमंडल में संजय टंडन के साथ मुख्य रूप से डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री, संयोगिता, हरमनीत कौर एवं अनुराधा गुप्ता शामिल रहे।

डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री ने प्रशासक के समक्ष प्रमुखता से रखा मामला:
मुख्याध्यापकों के अधिकारों और वेतन विसंगतियों के इस गंभीर मुद्दे को प्रतिनिधिमंडल की ओर से डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री ने प्रशासक महोदय के समक्ष अत्यंत स्पष्टता और विस्तार से प्रस्तुत किया। डॉ. शास्त्री ने बताया कि 1 अप्रैल 2022 से चंडीगढ़ में केंद्रीय वेतनमान (Central Pay Scales) और केंद्रीय सेवा नियम लागू किए गए थे, जिसके बाद से चंडीगढ़ के लगभग 45 कार्यरत मुख्याध्यापकों तथा हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हेडमास्टर्स के वेतन में भारी विसंगतियां आ गई हैं।

समान वेतनमान में पदोन्नति पर उठाए सवाल:
डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री ने प्रशासक महोदय का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सेकेंडरी लेवल के स्कूलों में मुखिया के रूप में कार्य कर रहे शिक्षकों को टीजीटी (TGT) पद से हेडमास्टर के पद पर पदोन्नत तो किया गया है, लेकिन उन्हें टीजीटी के पे स्केल में ही रखा गया है। उन्होंने तर्क दिया कि पदोन्नति और उच्च पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद नियमानुसार शिक्षकों को उच्च वेतनमान दिया जाना चाहिए, जो कि पिछले तीन वर्षों से लंबित है।

नए सचिवालय के पब्लिक दरबार में होगी सुनवाई, प्रशासक ने दिए त्वरित कार्रवाई के आदेश:
मामले को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद प्रशासक गुलाबचंद कटारिया जी ने आश्वासन दिया कि वे शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से इस विषय पर तुरंत बात करेंगे। उन्होंने बताया कि नए सचिवालय में लगने वाले पब्लिक दरबार में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को रखकर इसका न्यायसंगत समाधान निकाला जाएगा।
वार्ता के बाद डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री ने जानकारी दी कि प्रशासक महोदय ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इस पर त्वरित कार्रवाई करने के स्पष्ट आदेश जारी कर दिए हैं। मामले पर तुरंत संज्ञान लेने और सकारात्मक आश्वासन देने के लिए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से प्रशासक महोदय गुलाब चन्द कटारिया और संजय टंडन जी का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *