चंडीगढ़ । राम दरबार क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के भविष्य को संवारने तथा उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज ‘सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन, राम दरबार’ के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ से राज्यसभा सांसद सरदार सतनाम सिंह संधू जी से मुलाकात की। इस विशेष बैठक में प्रतिनिधिमंडल के साथ डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राम दरबार में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए सांसद महोदय द्वारा किए गए अथक प्रयासों और सहयोग के लिए उनका हृदय से धन्यवाद व आभार प्रकट किया।
वर्षों पुराना सपना हो रहा साकार:
राम दरबार के सीनियर सिटीजंस और स्थानीय निवासी पिछले कई वर्षों से यहां के बच्चों के लिए एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनवाने के लिए प्रयासरत थे। इस मुहिम में डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री समय-समय पर एसोसिएशन को मार्गदर्शित करते रहे और खेल विभाग सहित विभिन्न स्तरों पर आवश्यकतानुसार हर संभव प्रशासनिक व तकनीकी मदद पहुंचाई। डॉ. शास्त्री और एसोसिएशन के साझा प्रयासों से ही इस विषय को माननीय सांसद सतनाम सिंह संधू के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया था।
बच्चों को मिलेगी सही दिशा, खेलों में चमकेगा नाम:
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य राम दरबार के बच्चों को स्कूल के समय के बाद खेलने के लिए एक बेहतरीन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इससे न केवल बच्चे गलत संगति और व्यसनों से दूर रहेंगे, बल्कि खेल के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे। इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बनने से स्थानीय युवाओं को राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने तथा देश-विदेश में चंडीगढ़ का नाम रोशन करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
सांसद संधू ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन:
प्रतिनिधिमंडल की पिछली मांग पर तत्परता दिखाते हुए सांसद सरदार सतनाम सिंह संधू ने संबंधित खेल विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर इस परियोजना को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू करवाई थी, जो अब धरातल पर फलीभूत होती नजर आ रही है।
आज की मुलाकात में एसोसिएशन और डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री ने सांसद महोदय से पुनः आग्रह किया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लंबित कार्यों को और अधिक त्वरित गति (तेजी) से पूरा कराने के लिए वे संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी विलंब के जल्द से जल्द शुरू हो सके। सांसद महोदय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करवाएंगे।

