चंडीगढ़, 28 जून । समाजसेवी एवं हिंदू चिंतक महंत मनोज शर्मा ने पंजाब की भलाई का दावा करने वाली सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि वे वास्तव में पंजाब के विकास और भविष्य को लेकर गंभीर हैं, तो सबसे पहले राज्य को कर्ज के बोझ से मुक्त करने के लिए ठोस कदम उठाएं।
महंत मनोज शर्मा ने अपने बयान में कहा है कि पंजाब आज भारी कर्ज के दबाव से जूझ रहा है, जिसका असर राज्य के विकास कार्यों, रोजगार के अवसरों और आम जनता के जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान राजनीतिक दल करोड़ों रुपये प्रचार और अन्य गतिविधियों पर खर्च करते हैं, जबकि वही धनराशि यदि राज्य के हित में लगाई जाए तो पंजाब को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है ।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि चुनावों में अनावश्यक धन खर्च करने के बजाय अपने-अपने फंड से पंजाब का कर्ज उतारने में योगदान दें। उनका कहना था कि जनता के हितों की बात करने वाले दलों को पहले राज्य की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए आगे आना चाहिए ।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि पंजाब की खुशहाली, विकास और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए कर्जमुक्त पंजाब का सपना साकार करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीतिक दल इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए राज्यहित में सकारात्मक पहल करेंगे ।
पंजाब को कर्ज मुक्त बनाने के लिए राजनीतिक दल आगे आएं: महंत मनोज शर्मा
