भारतीय सेना द्वारा ‘सूर्य ग्रीन हिमालयन ओडिसी’ ईवी अभियान का शुभारंभ, हिमालयी क्षेत्र में सतत गतिशीलता को मिलेगा बढ़ावा

Spread the love

नई दिल्ली / चंडीगढ़: 11 जून । भारतीय सेना द्वारा टाटा मोटर्स के सहयोग से “सूर्य ग्रीन हिमालयन ओडिसी” नामक इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) कार अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सतत गतिशीलता को बढ़ावा देना, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना, भारतीय सेना के सैनिकों के साहस एवं समर्पण को प्रदर्शित करना तथा हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों से गुजरते हुए सैन्य-नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास करेगी।
11 दिवसीय यह अभियान 12 जून 2026 को कसौली से प्रारंभ होकर 22 जून 2026 को लेह में संपन्न होगा। अभियान के दौरान हिमालयी एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में इलेक्ट्रिक वाहनों की क्षमता एवं विश्वसनीयता का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे दूरस्थ एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सतत परिवहन के लिए उनकी संभावनाओं को रेखांकित किया जा सके।
अभियान को 12 जून 2026 को कसौली से जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल कमांड द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा तथा इसका समापन 22 जून 2026 को लेह में होगा।
यह पहल जन-जागरूकता बढ़ाने, सक्रिय नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा भारतीय सेना और आम नागरिकों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह अभियान राष्ट्र निर्माण, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास एवं आर्थिक प्रगति में भारतीय सेना की भूमिका को रेखांकित करने के साथ-साथ युवाओं को प्रेरित करेगा तथा हिमालयी क्षेत्र के सामरिक महत्व एवं विकास की संभावनाओं के प्रति व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *