चंडीगढ़ । चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन (रजि.) सेक्टर-17, चंडीगढ़ के अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंछी ने राष्ट्रहित में सभी व्यापारी भाइयों, बहनों एवं नागरिकों से एक महत्वपूर्ण अपील की है। हम सभी भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त भारत के संकल्प और आह्वान का पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करने का संकल्प लेते हैं। भारत को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत, आत्मनिर्भर एवं विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए यह हम सभी व्यापारियों और नागरिकों का नैतिक कर्तव्य बनता है कि हम अपने व्यापारिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत जीवन में अनुशासन, जागरूकता और स्वदेशी की भावना को अपनाएँ।
पंछी ने सभी व्यापारी भाइयों एवं बहनों से आग्रह किया कि वे विदेशी मुद्रा आधारित आयातों, विशेषकर अमेरिकी डॉलर पर अनावश्यक निर्भरता को कम करने हेतु हर संभव प्रयास करें। चाहे वह पेट्रोलियम उत्पादों का अनावश्यक उपयोग हो, सोने की अत्यधिक खरीद, खाद्य तेलों की बर्बादी, अथवा सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च — हमें संयम, संतुलन एवं जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
व्यापारी वर्ग सदैव देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ रहा है। यदि हम सभी एकजुट होकर यह संकल्प लें, तो समाज में एक बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है तथा देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की जा सकती है। आइए, हम सभी स्वदेशी को बढ़ावा दें, देशी उत्पादों को अपनाएँ, राष्ट्रीय संसाधनों का संरक्षण करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। हम केवल व्यापारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सशक्त सहभागी हैं। यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में अमित जैन ने दी।
पंछी ने राष्ट्रहित में सभी व्यापारी एवं नागरिकों से भारत को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की अपील की
