चंडीगढ़ भाजपा ने उठाई चंडीगढ़वासियों की आवाज, राज्यपाल से मांगी राहत

चंडीगढ़ भाजपा ने उठाई चंडीगढ़वासियों की आवाज, राज्यपाल से मांगी राहत
Spread the love

चंडीगढ़ । चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा लगातार जारी किए जा रहे नोटिसों के कारण शहर के निवासियों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। हाल ही में विभिन्न समाचार पत्रों में सेक्टर-29 और सेक्टर-30 के मकानों को तोड़ने तथा अन्य सख्त कार्रवाई की खबरों से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई थीं।
इन गंभीर समस्याओं को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गुलाब चंद कटारिया, राज्यपाल (पंजाब एवं प्रशासक, चंडीगढ़) से मिला और शहरवासियों को राहत प्रदान करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महापौर हरप्रीत कौर बबला, भाजपा उपाध्यक्ष दविंदर बबला, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता, सेक्टर-29 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश अरोड़ा, तथा वेलफेयर एसोसिएशन के होशियार सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय को अवगत कराया कि हाउसिंग बोर्ड के नोटिसों और संभावित कार्रवाई के कारण आम नागरिक मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने निवेदन किया कि इस विषय में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए चंडीगढ़ के निवासियों को राहत प्रदान की जाए।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पूरे विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से इच्छुक है कि चंडीगढ़ के लोगों को राहत मिले और जो भी उचित एवं व्यवहारिक समाधान होगा, उसे लागू किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालकर शहरवासियों को राहत दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *