चंडीगढ़, 19 मार्च । चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा किए गए सतत प्रयासों एवं मंत्रियों के सहयोग से खाद्य उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय निर्णय लिया गया है। अब FSSAI लाइसेंस को आजीवन (Lifetime) वैध कर दिया गया है, जिससे समय-समय पर होने वाले नवीनीकरण (Renewal) की आवश्यकता समाप्त हो गई है।
इस निर्णय का स्वागत करते हुए लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सुखविंदर सिंह (डी.ओ., FSSAI, चंडीगढ़) से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया तथा उनके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
सुखविंदर सिंह जी ने बताया कि यह निर्णय छोटे एवं मध्यम खाद्य व्यवसायों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में उद्योग हित में और भी कई महत्वपूर्ण राहतें प्रदान की जाएंगी।
अक्षय चुग (सदस्य, FSSAI एडवाइजरी कमेटी) ने इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों पर अनुपालन (Compliance) का बोझ कम होगा और व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा।
अवि भसीन, प्रेसिडेंट, लघु उद्योग भारती चंडीगढ़ ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए चंडीगढ़ प्रशासन एवं सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय खाद्य उद्योग के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे हजारों उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल में अजय कंसल भी शामिल रहे।
संस्था ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन एवं सरकार के सहयोग से भविष्य में भी उद्योग हित में ऐसे सकारात्मक एवं जनहितकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे।
लाइफटाइम लाइसेंस, व्यापार में नई रफ्तार: अवि भसीन
