चंडीगढ़ । यू.टी. चंडीगढ़ एडवाइजरी काउंसिल के सदस्य एवं भाजपा चंडीगढ़ के स्टेट को-ट्रेज़रर अवी भसीन ने राज्यपाल, यू.टी. चंडीगढ़ को पत्र लिखकर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की नीड बेस चेंज नीति के बिंदु संख्या 22 पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
भसीन ने कहा कि आदेश संख्या PA/CEO/EA1/2023/02 दिनांक 03.01.2023 के माध्यम से प्रशासन द्वारा नियमों में दी गई राहत एक दूरदर्शी और सराहनीय निर्णय है। बदलते समय और नई पीढ़ियों की आवश्यकताओं को समझते हुए लिया गया यह कदम शहर के निवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की बड़ी आबादी स्वतंत्र मकानों में निवास करती है। यदि नीति के बिंदु संख्या 22 में भी उचित संशोधन या शिथिलता प्रदान की जाती है, तो हजारों परिवारों को इसका लाभ मिल सकेगा और नीति का उद्देश्य भी पूरी तरह सफल होगा।
भसीन ने यह भी बताया कि इस विषय को मुख्य वास्तुकार तथा सीईओ, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड स्तर पर भी सकारात्मक रूप से देखा गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्यपाल जनहित को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे शहर के निवासियों को और अधिक राहत मिल सकेगी। यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में दी गई।
जनहित में बड़ा फैसला जरूरी: हाउसिंग बोर्ड की नीड बेस चेंज नीति के बिंदु 22 पर पुनर्विचार हो: अवी भसीन
