चंडीगढ़, 16 फरवरी । नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड एंटी-करप्शन फोर्स (एनएचआरएसीएफ) चंडीगढ़ के अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंछी के नेतृत्व में चेयरमैन, अनिल वोहरा, उपाध्यक्ष राजन महाजन और महासचिव रजत मल्होत्रा के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के उपायुक्त-सह-राज्य अधिकारी निशांत कुमार यादव से मुलाकात की और हालिया सुधारों की सराहना करते हुए शहर में पारदर्शिता और जन कल्याण को और मजबूत करने के लिए रचनात्मक सुझाव दिए!
प्रतिनिधिमंडल ने एस्टेट ऑफिस में फर्स्ट-इन, फर्स्ट-आउट (FIFO) प्रणाली लागू करने के लिए उपायुक्त महोदय को बधाई देते हुए इसे निष्पक्षता, जवाबदेही और समयबद्ध निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। फाइलों की प्राथमिकता में विवेकाधिकार समाप्त करने, लंबित मामलों के निपटारे तथा डिजिटाइजेशन के दौरान “रिज्यूम्ड” चिह्नित संपत्तियों के सुधारात्मक उपायों की विशेष सराहना की गई।
संगठन ने जन-शिकायत निवारण प्रणाली को और मजबूत करने, भ्रष्टाचार विरोधी जन-जागरूकता कार्यक्रमों, अधिकारियों के मानवाधिकार संवेदनशीलता प्रशिक्षण, नागरिक सहभागिता तथा विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय संबंधी सुझाव भी प्रस्तुत किए। संगठन ने पारदर्शी एवं नागरिक-हितैषी प्रशासन को बढ़ावा देने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में महासचिव रजत मल्होत्रा ने दी।
नेशनल ह्यूमन राइट्स का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त निशांत कुमार यादव से मिला, हालिया सुधारों की करी सराहना
