चंडीगढ़ । अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ चंडीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने डॉक्टर धर्मेंद्र शास्त्री प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में चण्डीगढ की शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी से मुलाकात की और शैक्षिक महासंघ का 2026 का वार्षिक कैलेंडर पंचांग भेंट किया। प्रतिनिधिमण्डल में डॉ. धर्मेन्द्र शास्त्री प्रदेशाध्यक्ष, संजय रुहेला महामंत्री, सुधा मेहता महिला प्रमुख, श्यामलाल तथा कृष्ण मोहन वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य शामिल थे । प्रतिनिधिमण्डल ने शिक्षा सचिव को बताया कि शैक्षिक महासंघ शिक्षा, शिक्षक और राष्ट्र के स्वाभिमान हेतु सन् 1988 से निरन्तर 37 वर्षों से गतिमान देश के 29 राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 13.60 लाख सदस्यों के पूर्व प्राथमिक से विश्वविद्यालय तक में शैक्षिक उन्नति के लिए कार्य कर रहा है। शैक्षिक महासंघ प्रत्येक वर्ष प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में स्थायी कार्यक्रमों में कर्तव्य बोध दिवस, वर्ष प्रतिपदा, गुरु वंदन कार्यक्रम और जन जागरण कार्यक्रम करता है ।
सामाजिक सरोकार के कार्यक्रमों में एक शिक्षक एक वृक्ष अभियान हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ और समस्त जीव सृष्टि कार्यक्रम आदि कर रहा है।
समसामयिक विषयों पर कार्यक्रमों में विभिन्न समसामयिक सामाजिक सांस्कृतिक एवं शैक्षिक मुद्दों पर वर्ष पर्यंत राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों संगोष्ठियों एवं व्याख्यानों का आयोजन किया जाता है।
शिक्षकों की उचित मांगों समस्याओं को सरकार और अधिकारियों से हल करवाने के लिए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ निरन्तर कार्य करता है। आज शैक्षिक महासंघ ने शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी से टीचर्स की समस्याओं पर भी चर्चा की। शिक्षा सचिव ने उनकी मांगों को गम्भीरता पूर्वक सुना । टीचर्स की सभी मांगों पर विस्तार से बात करने के लिए शिक्षा सचिव ने शैक्षिक महासंघ को अगले सप्ताह आने को कहा है । अगले सप्ताह शैक्षिक महासंघ की ओर से हैडमास्टर्स के पे स्केल के मामले और 2015 में भर्ती टीचर्स को छठे और सातवें वेतनमानों के रुके हुए लाभों को दिलवाने सहित सभी मुद्दों पर विस्तार से बात करने के लिए शिक्षा सचिव से दोबारा मिला जाएगा ।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ चंडीगढ़ का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी से मिला
