कपूरथला । पंजाब में बाढ़ प्रभावित गांवों और लोगों की मदद और पुनर्निर्माण के लिए, रिलायंस फ़ाउंडेशन, कपूरथला ज़िला प्रशासन के साथ मिलकर काम करते हुए, लगातार अपने प्रयासों को तेज कर रहा है। बुधवार को, रिलायंस फाउंडेशन की टीमों ने सुल्तानपुर लोधी ब्लॉक के जल-जमाव वाले गांवों के निवासियों को भोजन, पोषण, स्वच्छता और इमरजेंसी शेल्टर जैसी आवश्यक चीज़ों को उपलब्ध कराया। इस पहल को असिस्टेंट डिप्टी कमिश्नर नवनीत कौर बल ने अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में डीसी ऑफिस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रिलायंस फ़ाउंडेशन, जियो, रिलायंस रिटेल और वंतारा सहित रिलायंस की टीमें पिछले कुछ हफ़्तों से राज्य प्रशासन, पंचायतों और स्थानीय लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। ये टीमें प्रभावितों की ज़रूरतों का आकलन करने और समुदायों व सरकार के साथ चर्चा करने के बाद अमृतसर और कपूरथला के सबसे ज़्यादा प्रभावित गांवों के 10,000 परिवारों के लिए 10-प्वाइंट रिस्पांस योजना के तहत मदद कार्य कर रही हैं। अब तक इन अलग अलग प्रयासों के ज़रिए 10,500 से ज़्यादा लोगों तक पहुंचा जा चुका है। ये आंकड़ा रोजाना बढ़ रहा है।
बुधवार को, कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी ब्लॉक के संगरा, मुंड मुबारकपुर और अकालपुर में लगभग 80 परिवारों को भोजन और पोषण, स्वच्छता और इमरजेंसी शेल्टर की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं, जहां जलभराव के कारण पहुंचना मुश्किल बना हुआ है। कई ऐसे गांव हैं जहां केवल ट्रैक्टरों या नावों के माध्यम से ही पहुंचा जा सकता है। जरूरी राहत किट पूरे परिवार की खाद्य आवश्यकताओं को पूरा करने, व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने और अस्थायी शेल्टर स्थापित करने में मदद करेंगी।
इसके साथ ही सभी लोगों को समुदायों को संवेदनशील बनाने और जन स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए एक जन स्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन (पीएचआरएम) सत्र भी आयोजित किया गया।
दिव्यकांत नायक, लीडर-डिजास्टर रिस्क रिडक्शन, रिलायंस फाउंडेशन ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पूरे परिवार के लिए आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के अलावा, रिलायंस फाउंडेशन, स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ तालमेल बनाए रखते हुए में, बाढ़ के बाद की स्थितियों में जल जनित और मच्छर जनित बीमारियों जैसे जन स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने में समुदायों की मदद करने के लिए एक व्यापक पीएचआरएम अभियान चला रहा है।
इसके साथ ही लोगों को तेजी से संदेश पहुंचाने के लिए मोबाइल-आधारित स्वच्छता और सफाई संबंधी सलाह भी प्रसारित की गईं। चौबीसों घंटे शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कम्युनिटी वाटर फिल्टर भी स्थापित किए गए हैं। इससे लोगों को आसानी से अपने घर के पास ही सुरक्षित और साफ पेयजल प्राप्त करने में आसानी हो रही है।
कपूरथला के सिविल सर्जन, डॉ. राजीव पराशर ने रिलायंस फ़ाउंडेशन के जन स्वास्थ्य प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि प्रशासन इस मुश्किल घड़ी में लोगों के जीवन की रक्षा के लिए विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों और समुदायों के सहयोग से लगातार काम कर रहा है।
कई स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के तहत पशुधन और पशुपालक परिवारों की ज़रूरतों को भी पूरा किया जा रहा है। बीमार पशुओं की पहचान और उनके इलाज के लिए मेडिकल कैम्प आयोजित किए गए। पशुपालकों के परिवारों को पर्याप्त पौष्टिक चारा उपलब्ध कराने के लिए साइलेज वितरित किया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य न केवल संकटग्रस्त पशुओं को राहत प्रदान करना है, बल्कि पशुधन पर निर्भर समुदायों की आजीविका की रक्षा करना भी है।
इस चुनौतीपूर्ण समय में, रिलायंस पंजाब के समुदायों के साथ सहानुभूति और देखभाल के साथ, राहत और पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कपूरथला में बाढ़ प्रभावित गांवों और लोगों के लिए रिलायंस के मदद और पुनर्वास के प्रयास और तेज किए गए
