चंडीगढ़ । फेडरेशन ऑफ यूटी एम्प्लाइज एंड वर्कर्स चंडीगढ़ के 8वें प्रतिनिधि सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल दिनाक 20 सितम्बर 2025 को भकना भवन, सेक्टर 29डी में सवेरे 10 बजे झंडा रोहन के बाद कांफ्रेंस शुरू होगी। इस संबंध में आज 19 सितंबर को दोपहर 2 बजे भकना भवन, सेक्टर 29डी में मीटिंग कर कांफ्रेंस की तेयारी को अंतिम रूप दिया गया। इस कांफ्रेंस में यूटी, एमसी व् अन्य संस्थानों के 15 विभागों जैसे बिजली, पानी, बागवानी, सड़क विद्युत, स्वास्थ्य, आईसीसीसीडब्ल्यू, आईसीडीएस, एमसी मनीमाजरा, संपर्क केंद्र आदि के 250 प्रतिनिधि तथा 50 अतिथि व् दर्शक शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्घाटन अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड सुभाष लांबा करेंगे। एआईएसजीईएफ के महासचिव कॉमरेड ए श्री कुमार तथा अखिल भारतीय किसान सभा के नेता कामरेड सुखविंदर सिंह सेखो भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे और मुख्य भाषण देंगे। सम्मलेन में एआईएसजीईएफ के सचिव और पीएसएसएफ (वी) के महासचिव कॉमरेड एनडी तिवारी, पेंशनर्स यूनियन, सीआईटीयू, जनवादी स्त्री सभा, यूटीएसएस फेडरेशन, एटक, ट्रांसपोर्ट यूनियन, आल कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स, ट्रांसपोर्ट, शिक्षा, स्वास्थ आदि यूनियन के नेता भी सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे और उसे संबोधित करेंगे। सम्मेलन में अगले दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव किया जाएगा, कर्मचारियों और श्रमिकों के हित में प्रस्ताव पारित किए जाएँगे और संघर्ष की घोषणा की जाएगी।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में महासचिव गोपाल दत्त जोशी ने दी।
