चण्डीगढ़ । राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-44 बी में सीआरपीएफ, 13 बटालियन ने एक भव्य खेल समारोह का आयोजन किया जिसके अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर कमल सिसोदिया, कमांडेंट, 13 वीं बटालियन, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
कमांडेंट कमल सिसोदिया स्वयं एक दक्ष खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने अपने स्कूल और कॉलेज छात्र जीवन मे वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, जूडो, एथलेटिक्स इत्यादि मे स्वर्ण पदक सहित अनेकों पदक अर्जित किए है। साथ ही तैराकी और साइक्लिंग में भी दक्षता हासिल की। अपने अब तक के सेवाकाल में उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर राज्यों सहित देश के अनेक राज्यों में परिचालनात्मक एवं प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए महिला सशक्तिकरण, युवा जागृति, सामाजसेवा तथा पिछड़ों के उत्थान के लिए भी अनेकों कार्य किए हैं।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित, सशक्त और स्वयं को आत्मविश्वासी बनाने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। खेल युवाओं में शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, भाईचारा और टीम भावना का विकास करते हैं। खेलों को केवल मैदानों तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक गली और मोहल्ले तक पहुँचाना चाहिए, तभी स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कमल सिसोदिया ने स्कूली छात्रों और छात्राओं को स्पोर्ट्स के माध्यम से सुरक्षा बलों में भर्ती होने के लिए भी प्रोत्साहित किया व इस बाबत जरूरी टिप्स भी दिए।
कमांडेंट कमल सिसोदिया ने विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स के माध्यम से सुरक्षा बलों मे भर्ती होने के लिए जरूरी टिप्स दिए
