चंडीगढ़ । आज अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ चण्डीगढ का प्रतिनिधिमंडल डॉक्टर धर्मेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में यूटी सचिवालय में वित्त सचिव दीप्रवा लाकड़ा, शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी और शिक्षा निदेशक हरसुहिन्दर पाल सिंह बराड़ को मिला और हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान संकल्प पत्र का विमोचन करवाया । प्रतिनिधिमंडल में शैक्षिक महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉक्टर धर्मेंद्र शास्त्री , महामंत्री आचार्य संजय रूहेला, सचिव सुधा मेहता , कोषाध्यक्ष कुलविंदर सिंह, मीडिया प्रमुख सेवा सिंह, मीडिया सह प्रमुख पुष्पेन्द्र कुमार यादव, जिला अध्यक्ष मनीष कुमार, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश यारा, सेवा प्रमुख सिद्धार्थ जैन, सेवा सह प्रमुख लोकेश कुमार आदि उपस्थित थे। इस संकल्प पत्र में चंडीगढ़ के सभी विद्यालय 01 सितंबर को संकल्प लेंगे जिसमें सभी बच्चे और टीचर्स मिलकर शपथ लेंगे कि हम इस विद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षक यह संकल्प लेते हैं कि
1. हम मिलकर अपने विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित, हरित तथा प्रेरणास्पद बनाए रखेंगे।
2. हम विद्यालय के संपदा, संसाधन तथा समय को राष्ट्र धन मानते हुए उसका संरक्षण और विवेक पूर्वक उपयोग करेंगे।
3. हम विद्यालय में ऐसा वातावरण बनाएंगे जहां कोई भेदभाव नहीं होगा । हम सभी समभाव से सीखने और सीखाने के पथ पर अग्रसर रहेंगे।
4. हम शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम नहीं ; अपितु चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास और समाज सेवा का साधन मानकर कार्य करेंगे।
5. हम इस विद्यालय को केवल एक संस्था नहीं, अपितु संस्कार सेवा और समर्पण का तीर्थ मानते हुए उसका गौरव बढ़ाने हेतु सतत प्रयत्नशील रहेंगे ।
हम यह दृढ़ संकल्प लेते हैं कि हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ है, हमारी आत्मा का अभिमान है और राष्ट्र निर्माण का आधार है ।
यह जानकारी जारी एक विज्ञप्ति में दी गई।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान संकल्प पत्र का वित्त सचिव एवं शिक्षा सचिव से करवाया विमोचन
