चंडीगढ़, 8 मार्च। अनुराग्यम संस्था द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर मंगलवार को महिलाओं को उनके कला, साहित्य, विज्ञान एवं शिक्षा में अप्रतिम योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अनुराग्यम् के संस्थापक सचिन चतुर्वेदी एवं उपदेशक एसपी गर्ग ने कला, साहित्य, विज्ञान एवं शिक्षा में सशक्त महिलाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट ज्ञान के लिए विभिन्न अवार्डों से सम्मानित किया। इस संस्था की 75 महिलाओं को सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया जो अपने आप में एक मिसाल है। अनुराग्यम कोर टीम की महिला सदस्यों तरुणा माथुर, निधि बंसल, विनीता पुंढीर, प्रंजना मिश्रा, ममता रजक एवं मीनू बाला को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “प्राइड ऑफ अनुराग्यम” अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। इस महत्वपूर्ण दिवस के उपलक्ष्य पर संस्थापक सचिन चतुर्वेदी ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी अनुराग्यम् टीम इसी तरह भारतीय कला, संस्कृति एवं विज्ञान में अपना योगदान देती रहेगी।