चण्डीगढ़, 4 मार्च। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चन्द ने लोकसभा की तर्ज पर विधायी कार्य संचालित करने की एक नई परिपाटी की शुरूआत करते हुए शून्यकाल में ड्रॉ ऑफ लॉट्स के माध्यम से सदस्यों का नाम निकालकर उन्हें बोलने का अवसर प्रदान किया है।
विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के तीसरे दिन शून्यकाल के लिए 13 विधायकों ने बोलने के लिए अपने नाम पेटी में डाले थे, जिनमें से 10 की पर्ची निकाली गई और उन्हें 5-5 मिनट बोलने का अवसर दिया गया, जिसमें कई विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ राज्य के सार्वजनिक हित के मुद्दे भी सदन में रखे। राज्यपाल के अभिभाषण पर अपने जवाब में सदन के नेता एवं मुख्यमंत्री इन मुद्दों को समायोजित करेंगे।
हरियाणा विधानसभा में 2 मार्च से आरम्भ हुए बजट सत्र की शुरूआत भी लोकसभा की तर्ज पर की गई। हालांकि विधानसभा सत्र की कार्यवाही के लिए जारी समय सारिणी के अनुसार शून्यकाल का प्रावधान भी नहीं रखा गया था, परंतु सदन में सदस्यों के आग्रह पर इसे किया गया और संसदीय कार्यमंत्री कंवरपाल ने प्रस्ताव रखा कि आज 4 मार्च को सदन की कार्यवाही 2 बैठकों में की जाए, जिसका सर्वसम्मति से सभी सदस्यों ने समर्थन किया। इसलिए आज सदन 10 बजे से आरम्भ होकर बाद दोपहर 1.30 बजे तक तथा 2.30 बजे से 6.30 तक चलेगा।
