हरियाणा के 91 छात्र यूक्रेन से सकुशल लौटे भारत

Spread the love

चण्डीगढ़, 28 फरवरी। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारत सरकार द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत अब तक 1156 नागरिकों को स्वदेश लाया गया है। अब तक हरियाणा के 91 छात्र भी सकुशल देश लाए गए हैं। यूक्रेन से वापस लाए गए छात्रों ने अपनी सकुशल वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में केंद्र सरकार के साथ-साथ हरियाणा सरकार ने उन्हें हर प्रकार की मदद पहुंचाई है।
इस बीच यूक्रेन में फंसे अन्य छात्रों को भी वहां से निकाला जा रहा है। आज भी बुडापेस्ट (हंगरी) से छठी फ्लाइट ने ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत उड़ान भरी है, जिसमें 240 भारतीय नागरिकों को दिल्ली वापस लाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने 26 फरवरी से ‘ऑपरेशन गंगा’ अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत अब तक पांच फ्लाइट से 1156 भारतीय नागरिक यूक्रेन से सकुशल वापस लौट चुके हैं। इस छठी फ्लाइट के दिल्ली पहुंचते ही ये संख्या 1396 हो जाएगी।
नागरिकों की सहायता के लिए हरियाणा सरकार द्वारा स्थापित किया गया हेल्प डेस्क भी सराहनीय कार्य कर रहा है। हरियाणा में विदेश सहयोग विभाग (FCD) के माध्यम से स्थापित किए गए इस हेल्प डेस्क में अब तक 400 से ज्यादा फोन कॉल्स, 800-900 व्हाट्सएप मैसेज और 800 ई-मेल आ चुके हैं। हेल्पलाइन डेस्क पर तैनात अधिकारी लगातार छात्रों तथा विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यूक्रेन में फंसे सभी नागरिकों को आश्वस्त किया कि वे घबराएं नहीं, उन्हें हर हाल में भारत पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार अपने सभी नागरिकों को सकुशल वापस लाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *