चंडीगढ़, 23 फरवरी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक का पदभार संभालते ही निगम के उच्चाधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. साकेत कुमार, आई.ए.एस ने कहा कि प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाना ही बिजली निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश को जगमग करने की दिशा में अपना संपूर्ण योगदान दें।
डॉ. साकेत कुमार ने अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी हासिल की और उन्हें आवश्यक कार्यों को शीघ्रतापूर्वक निपटाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को डिजिटल माध्यमों का प्रयोग करने एवं उपभोक्ताओं की समस्याओं के अनुरूप योजनाओं, कार्यक्त्रमों और नीति-निर्माण का मंतव्य दिया।
उन्होंने आगे कहा कि निगम द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं को सरल एवं स्थानीय भाषा में प्रचार-प्रसार करने की जरूरत है जिससे प्रदेश के ग्रामीण उपभोक्ताओं को योजनाओं का लाभ मिल सके। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को निरंतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने हेतु कटिबद्ध हैं।
समीक्षात्मक बैठक के दौरान निगम के निदेशक (परिचालन), निदेशक (परियोजना), निदेशक (वित्त), कंपनी सचिव के अलावा सभी मुख्य अभियंता एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
