चंडीगढ़, 6 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता योजना को भी अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से जल्द ही ऑनलाइन किया जाएगा। इस योजना के ऑनलाइन होने से जरूरतमंद व्यक्ति जरूरी दस्तावेज के साथ नजदीकी सीएससी या अंत्योदय सरल केंद्रों पर आवेदन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता योजना को ऑनलाइन करने बारे संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को जल्द मिल रहा है। ऐसे में यह योजना ऑफलाइन होने से इसका लाभ लेने में अधिक समय लगता है, इसलिए सरकार का उद्देश्य है कि जरूरतमंद व्यक्ति तक इस योजना का जल्द लाभ पहुंचाने के लिए इसे अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाए। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद यह फार्म संबंधित जनप्रतिनिधि व जिला उपायुक्त के पास पहुंचेगा। इसके बाद यह आवेदन ऑनलाइन मोड में ही तहसीलदार व सिविल सर्जन से वेरिफिकेशन के बाद कमेटी के पास अंतिम निर्णय हेतु जाएगा और सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आवेदनकर्ता को राशि जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंद व्यक्तियों तक त्वरित मदद पहुंचाने के लिए यह सुविधा शुरू कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर भी उपस्थित थे।
