मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल में शहर के विकास से जुड़ी 42 करोड़ 54 लाख 31 हजार रुपये की 6 परियोजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

Spread the love

चंडीगढ़, 3 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज सांय करनाल में प्रेम नगर में आयोजित कार्यक्रम में शहर के विकास से जुड़ी 42 करोड़ 54 लाख 31 हजार रुपये की 6 परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड की इन परियोजनाओं में स्ट्रीट लाईटिंग प्रतिस्थापन के तहत 25 हजार एल.ई.डी. लाईटें लगाना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खेल सुविधाओं का विकास, उत्तम नगर में पार्क विकसित करना, हैरिटेज कॉरिडोर परियोजना के तहत गांधी मैमोरियल हाल का सौंदर्यकरण, छावनी चर्च टावर का सौंदर्यकरण तथा सेक्टर-4 व मुधबन के निकट स्थित कोस मीनार के आस-पास का सौंदर्यकरण जैसे शिलान्यास और कुंजपुरा रोड से कैलाश रोड तक नई बिटुमिन युक्त सड़क तथा प्रीतम नगर पार्क का उद्घाटन शामिल हैं।

इन परियोजनाओं का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की पुरानी स्ट्रीट लाईट की जगह नई 25 हजार एल.ई.डी. लाईटें लगाने का काम शुरू हो गया है। इस पर अनुमानित 35 करोड़ 27 लाख रूपये की राशि खर्च होगी। इसके तहत मौजूदा खम्बों पर नई एलईडी लाईटों के साथ स्ट्रीट लाईटिंग सिस्टम, समूह या व्यक्तिगत कंट्रोलर और लाईटिंग मैनेजमेंट सिस्टम के साथ लाईटों का कंट्रोल होगा। इसमें 90 वाट और उससे अधिक रेटिंग वाले पारम्परिक लैंप को व्यक्तिगत रूप से नियंत्रित होने वाली स्मार्ट स्ट्रीट लाईट से बदला जाएगा, जबकि 90 वाट से नीचे की लाईटों को स्मार्ट फीडर आधारित कंट्रोल पैनल के साथ नियंत्रित एलईडी स्ट्रीट लाईट से बदला जाएगा।
उन्होंने कहा कि एलईडी लाईटों को नियंत्रित करने के लिए एक केन्द्रीय निगरानी केंद्र/सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन की स्थापना की जाएगी। निगरानी केन्द्र में कोई भी स्थानीय नागरिक शिकायत दर्ज करवा सकेगा, 48 घण्टे से अधिक समय तक यदि शिकायत का समाधान नहीं होता, तो शिकायत को आगे बढ़ाने का विकल्प प्रदान किया जाएगा। केन्द्रीय निगरानी प्रणाली को आई.सी.सी.सी. के साथ एकीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से शहर के लिए ऊर्जा की बचत होगी, सड़कों की उचित रोशनी से सार्वजनिक सुरक्षा होगी।

वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल (लड़के) में खेल सुविधाओं का विकास
इस परियोजना में पुराने बस स्टैण्ड के पीछे स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (लड़के) में 1 करोड़ 13 लाख रुपये के अनुमानित खर्च से खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके तहत वॉलीबाल कोर्ट, चेन लिंक फेंसिंग, खेल मैदान के चारों ओर बैठने की जगह, साईकिल स्टैण्ड के साथ आगंतुक कार पार्किंग, बाउण्डरी वाल की मरम्मत, गेट पोर्टल, आर.ओ. सिस्टम के साथ वाटर कूलर, भू-निर्माण तथा प्रकाश और विद्युत कार्य करवाए जाएंगे। इन सुविधाओं से छात्र खेलों की तरफ उत्साहित होंगे।

उत्तम नगर में पार्क का विकास
मुख्यमंत्री ने उत्तम नगर में एक पार्क के विकास परियोजना का शिलान्यास किया। इसके तहत पार्क में अभ्यास पिच, वॉलीबाल कोर्ट, क्रिकेट अभ्यास मैदान का प्रावधान किया जाएगा। बैठने के लिए सीढिय़ों के साथ सनकेन गार्डन और पैदल पुल का प्रावधान किया जाएगा, जो धार्मिक समारोह के दौरान घाट में परिवर्तित किया जाएगा। इसी प्रकार गैजिबो, गेट और आगमन प्लाजा के माध्यम से प्रवेश द्वार को बढ़ाया जाएगा। पार्क की परिधि के साथ चलने का ट्रैक होगा तथा आउटडोर सीटिंग प्लाजा के साथ सार्वजनिक पुस्तकालय का प्रावधान भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त इसमें विज्ञान पार्क, ध्यान क्षेत्र, दुपहिया पार्किंग की सुविधा और प्रकाश की व्यवस्था भी की जाएगी। इसमें करनाल का पहला साईंस पार्क भी होगा। पुस्तकालय और विज्ञान पार्क से क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवा आबादी को सीधा लाभ होगा। सनकेन यानि धूप वाले बगीचे में छट पूजा का प्रावधान रहेगा।
यह परियोजना नागरिकों को अवकाश गतिविधियां, सामाजिक सम्पर्क, खेल सम्पर्क तथा मनोरंजक क्षेत्र के लिए एक आदर्श स्थान प्रदान करेगी, जो मानव स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस परियोजना में अनुमानित 1 करोड़ 82 लाख रूपये की राशि खर्च होगी।

हैरिटेज कॉरिडोर परियोजना
इस परियोजना में घण्टाघर चौक के पास स्थित ऐतिहासिक गांधी मैमोरियल हाल विरासत का सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसमें प्रवेश पर एक गेट पोर्टल, आगमन प्लाजा, हाल के बरामदे के मेहराबों की नकल करने वाली भित्ती दीवार, रात में हैरिटेज बिल्डिंग को रोशनी युक्त करना तथा परिसर के आस-पास भू-निर्माण किया जाएगा। गांधी मैमोरियल हाल करनाल की प्रमुख विरासतों में से एक है, जो पुरातत्व विभाग के तहत एक राज्य घोषित स्मारक है।
यह परियोजना करनाल के नागरिकों के बीच शहर की विरासत के प्रति जागरूकता को बढ़ाएगी। इसी प्रकार हैरिटेज कॉरिडोर से जुड़ी एक अन्य परियोजना में एन.डी.आर.आई. के सामने स्थित छावनी चर्च टावर परिसर का सौंदर्यकरण किया जाएगा। इस परियोजना में एल.ई.डी. प्रकाश व्यवस्था, भू-दृष्य तत्वों वाले नए पथों को शामिल करते हुए परिसर का उन्नयन, गैजिबो, कब्रिस्तान की ओर से आगमन प्लाजा, मार्ग खोज और सूचना संकेतकों का प्रावधान तथा आंगतुकों के लिए अस्थाई पार्किंग व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना में श्रीमद्भगवद् गीता द्वार से कर्ण गेट तक हैरिटेज कॉरिडोर के 3 किलोमीटर के विस्तार का प्रस्ताव शामिल है। यह कॉरिडोर शहर के सांस्कृतिक पर्यटन के विकास के लिए आवश्यक है। इसके सौंदर्यकरण से मौजूदा निर्मित विरासत में और वृद्धि होगी तथा स्मारक पर पहुंचने से पहले आगंतुकों के लिए रूचि पैदा करेगी। इसके अतिरिक्त मीनार रोड, सेक्टर-4 और मुधबन के समीप स्थित ऐतिहासिक कोस मीनार का सौंदर्यकरण भी किया जाएगा। इसमें मौजूदा स्मारक को एल.ई.डी. लाईटों के साथ प्रकाशमय बनाया जाएगा। आस-पास के स्थान को सुशोभित आौर परिभाषित करने के लिए मीनार के दोनो किनारों पर प्लाजा को जोड़ेंगे। स्थान चिन्ह के लिए स्पष्ट प्रकाश व्यवस्था और संकेतों को जोड़ा जाएगा। आसन्न दीवार पर थीम आधारित पेंटिंग की जाएगी, जहां उपयुक्त होगा, वहां बैठने की जगह का प्रावधान किया जाएगा। हैरिटेज कॉरिडोर की इन परियोजनाओं पर अनुमानित 1 करोड़ 60 लाख 58 हजार रूपये की राशि खर्च की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दो परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने कुंजपुरा रोड से कैलाश रोड तक बिटुमिन युक्त नई सड़क का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंजपुरा रोड से कैलाश रोड तक अनुमानित 1.7 किलोमीटर के कच्चे रास्ते पर तारकोल निर्मित नई सड़क का निर्माण किया गया है और यह टू-लेन बाईपास रोड है। कैरिज-वे के किनारे फुटपाथ और पार्किंग के लिए जगह की व्यवस्था की गई है। इस सड़क की विशेषता यह है कि कुंजपुरा से यमुनानगर के लिए एक बाईपास के रूप में कार्य कर रही है। इस परियोजना का लाभ यह है कि इसने यातायात की आवाजाही को काफी हद तक सुचारू कर दिया है तथा यह गांवो को शहरी क्षेत्र से जोड़ती है। इस सड़क के निर्माण पर 1 करोड़ 92 लाख रूपये की राशि खर्च हुई है।

प्रीतम नगर में नवनिर्मित पार्क का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने प्रीतम नगर में नगर निगम द्वारा बनाए गए पार्क का उद्घाटन किया। इस क्षेत्र के लोगों की यह पुरानी मांग थी और यह मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल थी। भव्य पार्क की चारदीवारी बनाकर इसमें बच्चों के खेलने के लिए झूले इत्यादि लगवाए गए हैं, हरी घास व पौाधरोपण करवाया गया है। नागरिकों की सैर करने के लिए फुटपाथ बनाया गया है तथा बैठने के लिए दो हट बनाए गए हैं, चार मिनी मास्ट लाईटें भी लगाई गई हैं, जिससे रात्रि के समय भी पार्क में पूरी तरह से रोशनी रहती है। इस पार्क में करनाल स्मार्ट सिटी द्वारा ओपन एयर जिम उपकरण लगाए गए हैं। इसके निर्माण पर कुल 80 लाख 31 हजार रूपये की राशि खर्च हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *