9वीं आईएचएआई राष्ट्रीय महिला आइस हॉकी चैंपियनशिप विजेता टीम को पंजाब राजभवन में किया गया सम्मानित

Spread the love

चंडीगढ़, 24 जनवरी। बनवारीलाल पुरोहित, राज्यपाल पंजाब और प्रशासक यू.टी. चंडीगढ़ ने हिमाचल प्रदेश के काज़ा में 9वीं आईएचएआई राष्ट्रीय महिला आइस हॉकी चैंपियनशिप जीतने के बाद, वापस लद्दाख लौट रही विजेता टीम को आज यहां पंजाब राजभवन में सम्मानित किया।
टीम का स्वागत करते हुए और उनकी जीत के लिए उन्हें बधाई देते हुए, श्री पुरोहित ने कहा कि यह जानकर वास्तव में बहुत अच्छा लगा कि इस टीम में जगह बनाने वाली अधिकांश लड़कियां लद्दाख के दूर-दराज के क्षेत्रों की रहने वाली हैं जिन्होंने यह राष्ट्रीय चैम्पियनशिप जीती है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिका शक्ति को नमन करते हुए पुरोहित ने कहा कि आइस हॉकी कठिन परिस्थितियों में खेला जाने वाला एक मुश्किल खेल है और इस खेल में अपनी पहचान बनाने वाली ग्रामीण लड़कियां वास्तव में प्रशंसा की पात्र हैं।
राज्यपाल ने उन्हें भविष्य की सफलताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में ग्रामीण लड़कियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ते हुए और चमकते हुए देखना सभी भारतीयों के लिए गौरव की बात होगी। उन्होंने आशा जताई की टीम के पारगमन दौरे के दौरान होने वाली छोटी-छोटी मुलाक़ातें सद्भावना और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देंगी। गौरतलब है कि दिल्ली, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, आई.टी.बी.पी. और तेलंगाना से कुल छह महिला आइस हॉकी टीमों ने इस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भाग लिया जिसमें लद्दाख की महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता। इस चैंपियनशिप का आयोजन आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *