चंडीगढ़, 23 जनवरी। पराक्रम दिवस के अवसर पर पंजाब के राज्यपाल और यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पंजाब राज भवन में आयोजित एक शांत और गरिमापूर्ण समारोह में पुरोहित और राजभवन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने नेताजी को उनकी 125वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।
राज्यपाल ने प्रेरणा के प्रतीक बहादुर नेता के सम्मान में नतमस्तक होकर उन्हें श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नेताजी ने वीरता, दृढ़ संकल्प और बलिदान का परिचय देते हुए हमारी मातृभूमि को ब्रिटिश शासन की बेड़ियों से मुक्त कराने में एक अनमोल भूमिका निभाई। नेताजी के नारे ‘जय हिंद’ तथा ‘तुम मुझे खून दो और मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा’ ने आजादी के संघर्ष के दौरान सभी भारतीयों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाई और राष्ट्रवाद का जोश भर दिया। पुरोहित ने कहा कि भारत की आज़ादी के संघर्ष में नेताजी के अपार योगदान के लिए देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
पुरोहित ने अपने ‘पंजाब राजभवन के परिवार’ को ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे पंजाब राजभवन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी ढंग से कार्य करें। उन्होंने कहा कि नेता जी हम भारतीयों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे और साथ ही कहा कि स्वतंत्रता की भावना, जिसका नेताजी ने सदैव पूरज़ोर समर्थन किया, को मजबूत करने के लिए सभी प्रतिबद्ध रहें।
